नशे में ड्राइविंग पर ट्रैफिक पुलिस का सख्त प्रहार, 11 माह में 3325 चालान

-पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर चला विशेष अभियान, 128 वाहन सीज, सड़क सुरक्षा को मिली मजबूती

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने वर्ष 2025 में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नर जे. रविन्दर गौड़ के स्पष्ट निर्देशों के तहत ट्रैफिक पुलिस ने विशेष और प्रभावी चेकिंग अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत नवंबर 2025 तक कुल 3325 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर 128 वाहनों को सीज किया गया। डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा है।

उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क हादसों का एक बड़ा कारण है, जिसे रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी सख्ती के साथ अभियान चला रही है। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर ब्रीथ एनालाइजर की मदद से सघन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने दिन और रात दोनों समय चेकिंग कर यह सुनिश्चित किया कि कोई भी नशे में वाहन चलाकर सड़क पर दूसरों की जान खतरे में न डाले। डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि वर्ष 2025 के पहले 11 महीनों में की गई इस कार्रवाई से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

चालान और वाहन सीज किए जाने के साथ-साथ वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई। इस दौरान पुलिस ने लोगों को सीट बेल्ट, हेलमेट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शराब का सेवन कर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं चालक, उसके परिवार और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

त्रिगुण बिसेन
डीसीपी ट्रैफिक

शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है और इससे न केवल वाहन चालक की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी गंभीर रूप से प्रभावित होती है। गाजियाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस की नीति  ‘जीरो टॉलरेंस’ की है और नियम तोडऩे वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। यह कार्रवाई केवल चालान या दंड तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना भी है। आमजन से अपील है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कभी भी शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। नियमों का पालन करने से ही सुरक्षित, सुचारु और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
त्रिगुण बिसेन
डीसीपी ट्रैफिक