कौओं, मुर्गियों व चूजों की निरंतर हो रही मौत
नई दिल्ली। कोविड-19 (कोरोना वायरस) से अभी निजात नहीं मिल पाई है कि देश में अब बर्ड फ्लू का प्रकोप बढ़ गया है। देश के 5 राज्यों में बर्ड फ्लू की दहशत देखने को मिल रही है। हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और केरल में बर्ड फ्लू ने नागरिकों की नींद उड़ा रखी है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश में 23 दिसंबर से 3 जनवरी तक 376 कौओं की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश के इंदौर में सबसे ज्यादा 147 मौतें हुई हैं। इसके अलावा मंदसौर में 100, आगर-मालवा में 112, जनपद खरगोन में 13, सीहोर में 9 कौओं की जान जा चुकी है। मृत कौओं के सैंपल भोपाल की स्टेट डीआई लैब भेजे गए हैं। इंदौर और मंदसौर से भेजे गए सैंपल में बर्ड फ्लू की तस्दीक हो चुकी है। इस बीच पशुपालन विभाग ने जरूरी गाइड लाइन जारी कर दी है। पोल्ट्री पक्षियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के पॉन्ग डैम की झील में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों की मौत हो गई थी। इन पक्षियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यानि सभी पक्षियों की मौत बर्ड फ्लू से हुई थी। बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर जिला प्रशासन ने डैम के नजदीक मांस एवं अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। उधर, हरियाणा के बरवाला क्षेत्र में रहस्यमय तरीके से मुर्गियों की मौत होने के कारण एवियन फ्लू की दहशत कायम है। वहां करीब एक लाख मुर्गी और चूजों की मौत हो चुकी है। मुर्गियों के रहस्यमय तरीके से मरने का सिलसिला 5 दिसंबर से आरंभ हो गया था। बरवाला क्षेत्र के 110 मुर्गी फार्म में से लगभग 2 दर्जन फार्म में मुर्गियों की रहस्यमय तरीके से मौत हो चुकी है। बता दें कि देश में कोरोना वायरस का प्रकोप पूरी तरह से रूक नहीं पाया है। ऐसे में बर्ड फ्लू की समस्या सामने आ गई है। संबंधित राज्य सरकारें बर्ड फ्लू से निपटने के लिए अपने-अपने स्तर से कदम उठा रही हैं।
















