कोच्चि-मंगलुरु प्राकृतिक गैस पाइप लाइन शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया शुभारंभ

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आज कोच्चि-मंगलुरु प्राकृतिक गैस पाइप लाइन का लोकार्पण किया। लगभग 450 किमी लंबी इस पाइप लाइन का कई जिलों को फायदा मिलेगा। इसके अलावा रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केरल-कर्नाटक की जनता के लिए आज का दिन बेहद खास है। इस पाइप लाइन से दोनों राज्यों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज देश में वन नेशन वन गैस ग्रिड पर काम हो रहा है। गैस इकॉनोमी खड़ा करना समय की जरूरत है। यह पाइप लाइन दोनों राज्यों के नागरिकों की ईज ऑफ लिविंग को बेहतर करेगी। साथ उद्योगों के खर्च में कटौती आएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उज्ज्वला योजना जैसी स्कीम से देश में 8 करोड़ परिवारों तक गैस कनेक्शन पहुंचा। कोरोना काल में देश में रसोई गैस की किल्लत कभी नहीं हुई। करीब 12 करोड़ निशुल्क सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन के निर्माण के दौरान 12 लाख मानवीय घंटे का रोजगार बना। अब भी रोजगार के क्षेत्र में लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्लाइमेट चेंज की दिशा में भारत सबसे बेहतर काम कर रहा है। दुनिया ने भी इस बात को माना है। आज हिंदुस्तान में डिजिटल, गैस, हाइवे, कनेक्टविटी पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहली अंतरराज्यीय पाइप लाइन 1987 में कमीशन हुई थी। 2014 तक देश में 15 हजार किमी नैचुरल पाइप लाइन बिछी, मगर आज देश में 16 हजार किमी पाइप लाइन पर काम चल रहा है, जो अगले 5 साल में पूरा हो जाएगा। इसी प्रकार 2014 तक देश में सीएनजी स्टेशन की संख्या 900 थी, मगर पिछले 6 साल में 1500 नए स्टेशन बने हैं। देश में सीएनजी स्टेशन की संख्या को 10 हजार करने का लक्ष्य है। कार्यक्रम में केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहे।