एसपी देहात की सार्थक पहल जनता संवाद

कानून व्यवस्था, पंचायती चुनाव को लेकर ग्रामीणों के साथ की बैठक

जनता के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार एवं कानून का करें पालन: डॉ. ईरज राजा

गाजियाबाद। जनता से संवाद स्थापित करने की क्षमता पुलिस को सफल बनाती है। जनता संवाद से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है। जनता के साथ पुलिस का व्यवहार अत्यन्त महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुलिस और जनता का आमना-सामना निरन्तर होता रहता है। यह बातें सोमवार को कानून व्यवस्था, पंचायती चुनाव को लेकर भोजपुर थानाक्षेत्र के गांव कलछीना और बढ़ायला में ग्रामीण एवं पुलिस के साथ बैठक के दौरान एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने कहीं।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ मधुर व्यवहार करने और कानून के सही अनुपालन की सलाह दी। आम लोगों के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार करें। पुलिस को जनता के बीच रक्षक की भूमिका अदा करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौती के दौरान भ्रम से हमेशा बचें। इस दौरान सुरक्षा पर पुलिस अधिकारियों और लोगों ने विचार रखे। वहीं, लोगों ने पुलिस के व्यवहार, गश्त सुधारने की मांग की। कई लोगों ने पुलिस के साथ अपने अनुभव साझा किए। सोशल पुलिसिंग को मजबूत करने की एसपी देहात की कवायद शुरू हो गयी है। अगामी चुनाव को लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की लोगों से अपील की गई। शाम चार बजे पुलिस टीम गांव कलछीना में पहुंची।

वहां के पूर्व प्रधान व अन्य गणमान्य लोगों के साथ पुलिस ने बैठक की। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बैठक में हिस्सा लिया। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने कहा कि अभी पंचायत चुनाव की तारीखों का ऐलान नही हुआ है, लेकिन चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने अभी से अपनी दावेदारी रखनी शुरू कर दी है। जिससे गांव में अभी से चुनावी माहौल बनना शुरू हो गया है। ऐसे में कोई भी शांति व्यवस्था को बिगाडऩे का प्रयास न करें। अगर कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाडऩे का काम करता है तो इसकी सूचना थाना पुलिस या फिर मुझसे संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाला का नाम गुप्त रखा जाएगा। बिना आपके सहयोग से अपराधिक वारदातों पर लगाम लगाना मुश्किल है। इसलिए जनता और पुलिस का तालमेल होना बेहद जरूरी है। शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। आमजन पुलिस के आंख व कान बनें। इसके बाद पुलिस टीम गांव बढ़ायला पहुंची। वहां भी पुलिस ने लोगों को असामाजिक तत्वों से दूर रहने की सलाह दी। जिससे कोई भी अप्रिय घटना होने से बचा जा सकेगा। ग्रामीणों ने भी हरसंभव सहायता करने के लिए अधिकारियों को आश्वस्त किया। इस दौरान सीओ सुनील कुमार व एसएचओ भोजपुर धर्मेद्र कुमार उपस्थित रहे।