अवैध संबध का राज खुलने पर पत्नी को डराने के लिए भाई संग रची खुद के अपहरण की कहानी

गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने पत्नी को डराने के लिए छोटे भाई के साथ मिलकर खुद के अपहरण की कहानी रचने वाले दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर अपहरण की झूठी कहानी का पर्दाफाश किया है।
साहिबाबाद क्षेत्र की जवाहर कालोनी से रविवार को दिनदहाड़े अगवा हुए युवक के मामले में उसका अपहरण नहीं हुआ था। पत्नी को डराने के लिए उसने छोटे भाई के साथ मिलकर अगवा की कहानी रची थी।
एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए बताया कि जवाहर पार्क के रामबली महतो ने रविवार को साहिबाबाद पुलिस को बेटे विकास कुमार के अगवा होने की सूचना दी।
अपहरण के बाद बेटे की हत्या की आशंका जाहिर करते हुए बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे उनका 24 वर्षीय बेटा विकास कुमार मां रंजू देवी से गरिमा गार्डन जाने की बात करके घर से निकला। दोपहर करीब तीन बजे उसने मां को फोन किया और कहा कि ‘मम्मी मुझे चार लड़के उठाकर ले जा रहे हैं उसके बाद से उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। उनकी सूचना पर साहिबाबाद कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करके चार टीमों को लगाया गया। कॉल डिटेल, सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। जिसके आधार पर सोमवार शाम को शहीद नगर से विकास कुमार को ढूंढ़ लिया गया। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि विकास से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका चार साल से दिल्ली की एक महिला से अवैध संबंध है। महिला की वर्ष-2005 में शादी हुई थी। उसका पति वर्ष-2014 में उसे छोड़कर चला गया था। उसके तीन बच्चे हैं। वह महिला के साथ ही रहना चाहता है। मगर
परिवारवालों ने जबरन जुलाई में उसकी बिहार की एक युवती से शादी कर दी थी। घरवाले उस पर बिहार जाकर रहने का दबाव बना रहे थे। जिससे वह महिला से दूर हो जाए। लेकिन इसके लिए विकास तैयार नही था। 10 दिन पूर्व पहले उसकी पत्नी को भी महिला से अवैध संबध की जानकारी हो गई थी। जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इन सब से बचने और छुटकारा पाने के लिए विकास ने अपने छोटे भाई आकाश के साथ मिलकर खुद के अपहरण की झूठी कहानी रची। जिससे उसकी पत्नी डर जाए और इन सबके बीच परिवारिक विवाद ठंडा पड़ जाए। जिसके लिए उसने प्लान बनाकर रविवार को खुद को अगवा किए जाने की सूचना मां को दी और फोन बंंद कर लिया।
एसपी सिटी द्वितीय ने बताया कि इस मामले में दिल्ली की महिला की कोई संलिप्तता नहीं मिली। दिल्ली में अवैध संबंध रखने वाली महिला के पास चला गया। सोमवार शाम को वह शहीद नगर में किसी से मिलने जा रहा था, तभी उसे पकड़ लिया गया।