कोरोना वायरस पर रूस से आई गुड न्यूज, पहली वैक्सीन तैयार, हेल्थ मिनिस्ट्री से भी मंजूरी

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सामने आकर घोषणा की

मॉस्को। कोविड-19 (कोरोना वायरस) के खिलाफ जारी जंग में रूस को बड़ी कामयाबी मिल गई है। कोरोना को मात देने के लिए रूस ने पहली वैक्सीन तैयार कर ली है। स्वास्थ्य मंत्रालय से भी इस वैक्सीन को अनुमति मिल गई है। उधर, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि दुनियाभर में फिलवक्त 100 से ज्यादा वैक्सीन पर काम चल रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आज कोरोना वैक्सीन पर गुड न्यूज दी। उन्होंने घोषणा की कि रूस ने कोरोना वायरस की पहली वैक्सीन को तैयार कर लिया है। वैक्सीन को मॉस्को के गामेल्या इंस्टीट्यूट ने विकसित किया है। रूस की हेल्थ मिनिस्ट्री ने वैक्सीन को सफल करार दिया है। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस में शीघ्र इस वैक्सीन का प्रोडक्शन शुरू किया जाएगा। बड़ी संख्या में वैक्सीन की डोज बनेगी। पुतिन ने बताया कि उनकी बेटी भी कोरोना की चपेट में आई थी। बाद में उसे ये नई वैक्सीन दी गई। कुछ देर के लिए उसका तापमान बढ़ा, मगर अब वह बिल्कुल स्वस्थ है। बता दें कि रूस में कोरोना वायरस के लगभग 9 लाख केस सामने आ चुके हैं। 15 हजार नागरिकों की मौत भी हो गई है। रूस उन देशों में शामिल है, जहां पर कोरोना वायरस के सर्वाधिक टेस्ट किए गए हैं। उधर, डब्ल्यूएचओ का कहना है कि दुनियाभर में वर्तमान में 100 से ज्यादा वैक्सीन पर काम हो रहा है। अमेरिका, ब्रिटेन, भारत, इजरायल, चीन, रूस आदि देश कोरोना के खिलाफ रामवाण इलाज ढूंढ़ने को दिन-रात जुटे हैं। भारत में कोरोना वायरस की वैक्सीन अभी ह्यूमन ट्रायल स्टेज में है। ये वैक्सीन बनाने की दूसरी स्टेज है।