भ्रष्टाचार में घिरे पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति जरदारी पर आरोप तय, नहीं मिली राहत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी पर कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। भ्रष्टाचार के आरोपों से वह बाहर नहीं निकल पाए हैं। देश की भ्रष्टाचार-निरोधी अदालत ने एक मामले में पूर्व राष्ट्रपति जरदारी के खिलाफ वीडियो लिंक के जरिए आरोप तय किए हैं। उन पर कंपनियों को ऋण देने को अफसरों को प्रभावित करने का आरोप लगा है। पाक की पहली महिला प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी कराची के बिलावल हाउस से वीडियो लिंक के जरिए कोर्ट में पेश हुए। इस्लामाबाद में जवाबदेही कोर्ट के न्यायाधीश मोहम्मद आजम खान ने पार्क लेन के मामले में उन्हें और 9 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए। वीडियो लिंक के जरिए सुनवाई के दरम्यान पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि उनके वकील उच्चतम न्यायालय में हैं। वकीलों की गैरहाजिरी में उनके खिलाफ आरोप तय नहीं किए जा सकते, मगर कोर्ट ने जरदारी की दलील को खारिज कर दिया। ऐसे में इस मामले में सुनवाई आरंभ होने का रास्ता क्लीयर हो गया है। पूर्व राष्ट्रपति जरदारी के अलावा ओमनी समूह के प्रमुख अनवर मजीद, शेर अली, फारूक अब्दुल्ला, सलीम फैसल और मोहम्मद हनीफ भी आरोपियों में शामिल हैं। बता दें कि पाकिस्तान में कई वीवीआईपी हस्तियां भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरी हैं। पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ भी भ्रष्टाचार को लेकर अदालत में मामला चल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शरीफ फिलहाल देश से बाहर हैं। सत्ता में आने के बाद इमरान सरकार ने कई नामचीन हस्तियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।