सनसनी : कुल्हाड़ी से काटकर 4 बच्चों की हत्या

महाराष्ट्र में आदिवासी परिवार पर टूटा कहर

जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव में सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। वहां आदिवासी परिवार के 4 बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक यह वारदात 15 अक्तूबर की देर रात की है। 16 अक्तूबर यानी शुक्रवार की सुबह वारदात के बारे में जानकारी सामने आने पर हड़कंप मच गया। वारदात के समय चारों बच्चों के माता-पिता घर पर नहीं थे। पुलिस का कहना है कि जलगांव के बोरखेड़ा गांव में मुस्तफा के खेत पर यह परिवार काम करता था। सालभर पहले यह आदिवासी परिवार मध्य प्रदेश से जलगांव रहने आया था। बोरखेड़ा गांव के खेत में शुक्रवार की सुबह 4 बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। इन बच्चों के पिता महताब और मां रूमली बाई वारदात के समय घर पर मौजूद नहीं थे। महताब और रूमली बाई मूल रूप से मध्य प्रदेश के गढ़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। यह दंपति अपने 4 बच्चों के साथ मिलकर जलगांव में खेती-किसानी करता था। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सईता (12), रावल (11), अनिल (8) और सुमन (3) के रूप में की गई है। चारों बच्चों के शव मुस्तफा के खेत में पड़े मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मालूम पड़ा है कि चारों बच्चों की हत्या कुल्हाड़ी से काटकर की गई है। वारदात में एक ही कुल्हाड़ी का इस्तेमाल होने की संभावना है। घटना के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। बच्चों के माता-पिता को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।