गाजियाबाद में 5 बजे तक 41.92 प्रतिशत मतदान

गाजियाबाद। गुरुवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है। दूसरे चरण के मतदान में मेयर के 12, चेयरमैन के लिए 95 और पार्षद/सभासद पद पर 1730 प्रत्याशियों में मुकाबला है। 5 बजे तक 41.92 प्रतिशत मतदान हुआ। सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से गाजियाबाद को 26 जोन और 128 सेक्टर में बांटा है। कुल 606 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 25 लाख 80 हजार 225 मतदाता अपने मत का प्रयोग करने वाले हैं। शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने वोट डालते हुए कहा प्रदेश के अंदर और नगर निकाय में भी डबल इंजन के साथ अब ट्रिपल इंजन की सरकार होनी चाहिए। जिससे प्रदेश के साथ ही शहर का भी विकास हो।

गाजियाबाद नगर निगम के अलावा मोदीनगर, मुरादनगर, लोनी, खोड़ा, निवाड़ी, पतला, फरीदनगर और डासना नगर पंचायत में सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रारंभ हो गई है। इन सभी जगह 606 मतदान केंद्र और 2371 पोलिंग बूथ बने हैं। जिले में 128 संवेदनशील और 149 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र बनाए हैं। गाजियाबाद नगर निगम में 15.39 लाख मतदाता हैं। नगर पालिकाओं की बात करें तो सर्वाधिक वोटर लोनी में 5.21 लाख हैं। सुबह 7 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक नगर निगम गाजियाबाद में 36.87, नगर पालिका परिषद लोनी- 48, नगर पालिका परिषद-मुरादनगर- 58.30, नगर पालिका परिषद मोदीनगर- 52.50, नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर- 41.50, नगर पंचायत फरीदनगर- 62.68, नगर पंचायत पतला- 70, नगर पंचायत निवाड़ी- 48.34, नगर पंचायत डासना- 58 प्रतिशत हुआ। जिले में कुल अभी तक 41.92 मतदान हुआ है।

CamScanner 05-11-2023 17.35.14

नगर निगम और लोनी में कुल 3471 ईवीएम मशीनें मतदान के लिए लगाई गई है। नगर निगम में 1264 बूथ हैं। इन बूथों पर महापौर व 100 वार्डों के प्रत्याशी के लिए ईवीएम लगाई गई है। इसके लिए 2371 ईवीएम के साथ और 2371 स्टेशनरी बस्ते के साथ पोलिंग पार्टियां अपने बूथ पर मौजूद है। लोनी नगर पालिका परिषद का भी मतदान ईवीएम के जरिए होगा। यहां पर 554 मतदान केंद्रों पर 1108 ईवीएम लगाई गई हैं।

पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के प्रशासन-पुलिस ने पुख्ता तैयारियां की है। सीआरपीएफ व पीएसी जवानों के अलावा एसएसएफ के जवानों और पुलिस को मिलाकर 13 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मतदान की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं। अंतरराज्यीय सीमाओं वाले 20 पॉइंट्स पर चेकपोस्ट बनाई गई है। 126 सेक्टरों में 252 मोबाइल टीमें सुबह से सक्रिय हैं। इसके अलावा सभी थानों को दो-दो क्यूआरटी मोबाइल टीमें दी गई हैं। सीआरपीएफ संवेदनशील इलाके में तैनात है।

नगर निगम पर रहा है भाजपा का कब्जा
गाजियाबाद में नगर निगम बनने से लेकर आज तक मेयर सीट पर भाजपा का ही कब्जा रहा है। इस बार भाजपा से सुनीता दयाल प्रत्याशी हैं। पिछली बार आशा शर्मा ने 1 लाख 65 हजार वोटों से विपक्ष में खड़ी कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को हराया था। इसलिए भाजपा इस सीट पर इस बार भी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। पार्टी के लोग सिर्फ इस बात का आकलन करने में जुटे हैं कि जीत कितनी वोटों से होगी। लोनी नगर पालिका में भी इस बार रोचक मुकाबला है। एक तरफ रालोद विधायक मदन भैया तो दूसरी तरफ भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। नगर निकायों में इस बार भाजपा के बागी भी भाजपा का खेल बिगाड़ सकते है। जो ज्यादातर खुद भाजपा प्रत्याशी के सामने निर्दलीय खड़े है।