फिल्म सिटी में दिखेगी भारतीय संस्कृति और परंपरा की झलक सात जोन में बंटा होगा फिल्म सिटी तकनीक से लेकर सभी सुविधाओं में होगा नंबर-1

विजय मिश्रा (उदय भूमि ब्यूरो)
ग्रेटर नोएडा। यमुना सिटी सेक्टर-21 में बनने जा रहे फिल्म सिटी की हर तरफ चर्चा हो रही है। लोग चर्चा कर रहे हैं कि फिल्म सिटी कैसी होगी इसमें क्या सुविधाएं होंगी और अन्य शहरों में बने फिल्म सिटी से किस तरह से अलग होगा। उधर, फिल्म सिटी निर्माण के लिए कंपनी का चयन होने के बाद यमुना प्राधिकरण भी आगे की तैयारियों में जुट गया है। फिल्म सिटी निर्माण का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के बाद बॉलीवुड के मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर ने कहा कि यूपी में बनने वाला फिल्म सिटी दुनिया भर के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। फिल्म निर्माण से जुड़ी समस्त सुविधाएं यहां उपलब्ध होगी। फिल्म सिटी का कॉसेप्ट है कि आप अपनी स्क्रिप्ट के साथ आइये और पूरी फिल्म तैयार कर उसे रिलीज करने के लिए ले जाइये। फिल्म सिटी प्रोजेक्ट में बोनी कपूर के पार्टनर और भूटानी इंफ्रा के सीईओ अली राम चेंटले ने कहा कि फिल्म सिटी में स्टेट ऑफ आर्ट स्टूडियो, आउटडोर सेट और शूटिंग विलेज के अलावा कई ऐसी सुविधाएं होंगी जो किसी और जगह उपलब्ध नहीं होंगी।

पोस्ट प्रोडक्शन के क्षेत्र में वीएफएक्स स्टूडियो बनाए जाएंगे। वीडियो एडिटिंग सहित अन्य तकनीकी पक्ष भी सर्वोत्तम होगा। यहां पर ऐसी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल होगा जो नवीनतम और पूरी तरह से हाईटेक होगा। अली राम ने बताया कि फिल्म सिटी में थीम बेस्ड एम्यूजमेंट पार्क बनेगा। जिसमें भारतीय सनातन संस्कृति की झलक दिखाई देगी। फिल्म सिटी को सात जोन में बांटकर विकसित किया जाएगा। 230 एकड़ में विकसित होने वाली फिल्म सिटी में एक सिग्नेचर टॉवर होगा। इसमें आर्ब्जवेशन डेक, एम्फीथिएटर और फिल्म म्यूजियम होगा।

यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी का पहला चरण फिल्म प्रोड्यूशर बोनी कपूर और रियल एस्टेट कंपनी भूटानी ग्रुप की ज्वाइंट वेंचर कंपनी बेव्यू द्वारा विकसित किया जाएगा। कंपनी ने प्रोजेक्ट को लेकर अपने प्रजेंटेशन में बताया कि है वह इसको सात जोन में बांटकर विकास करेंगे। फिल्म सिटी के प्रवेश द्वार के पास जोन-1 होगा। यह 10 एकड़ में होगा। इसमें प्रशासनिक और क्रिएटिव हब होगा। इसमें सिग्नेचर टॉवर होगा। इससे शहर के कई क्षेत्र देखे जा सकते हैं। यहां आर्ब्जवेशन डेक, एम्फीथिएटर, फिल्म म्यूजियम, हेलीपैड, थिएटर और एम्फीथिएटर के साथ इको-सिनेमा सेंटर होगा। सिग्नेचर टॉवर के पास स्वचालित पार्किंग सिस्टम और सुरक्षा नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। टावर की निचली मंजिलों में व्यावसायिक और मनोरंजन स्थान, बुटीक स्टोर, सिनेमा मल्टीप्लेक्स, रेस्तरां आदि बनाए जाएंगे।

बीच में कार्यालय और आवासीय सुइट्स, धार्मिक स्थान और स्काई गार्डन होंगे। टॉवर की ऊपरी मंजिलों में साउंड स्टूडियो, साउंडप्रूफ रिकॉर्डिंग स्टूडियो, सुइट्स, निजी स्क्रीनिंग रूम और पोस्ट-प्रोडक्शन होगा। टावर की शीर्ष मंजिल पर अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशाला, कार्यस्थल और स्टूडियो बनाए जाएंगे। पेंटहाउस, सेलिब्रिटी क्लब, हेलीपैड, सिनेमाई पुस्तकालय और प्रयोगशाला भी होंगे। जोन-2 को 60 एकड़ में रखा गया है। इसमें प्रोडक्शन हाउस और स्टूडियो होंगे। यह प्रशासनिक ब्लॉक के पास होगा। केंद्र में ओपन स्ट्रक्चर स्टूडियो और साउंड स्टेज बनाए जाएंगे। इसके चारों ओर आउटडोर सेट बनाए जाएंगे। स्टूडियो के पास पोस्ट-प्रोडक्शन हाउस और वर्कशॉप होंगे। यहीं पर फिल्म एकेडमी और रिसर्च लाइब्रेरी होगी। हॉलीवुड और बॉलीवुड शैली के सेट वाले खुले ढांचे वाले स्टूडियो और आउटडोर सेट विकसित किए जाएंगे। ये फिल्म परियोजनाओं के लिए उपयुक्त बनाएंगे।

फिल्म एकेडमी आधुनिक शैक्षिक परिसर में होगी। जोन-3 को 20 एकड़ से अधिक क्षेत्र में रखा गया है। यहां आवासीय और कर्मचारियों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें गेस्ट हाउस, होटल, स्वास्थ्य केंद्र के अलावा कलाकारों और अन्य के लिए अपार्टमेंट होगा। जोन-4 को 15 एकड़ में विकसित किया जाएगा। यह जोन कारखानों और शिल्प कौशल के लिए समर्पित होगा। यहां फिल्म सेट, ड्रेस और प्रॉप्स फैब्रिकेशन का निर्माण किया जाएगा। यहां बहुमंजिला कॉस्ट्यूम फैक्टरी होगा। 35 एकड़ में जोन 5 को विकसित किया जाएगा। यह मनोरंजन और आराम के लिए समर्पित होगा। आगंतुकों को आकर्षित करने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार के पास बनाया जाएगा। यहां मल्टीमीडिया रिसेप्शन बनेगा। इसके अतिरिक्त, मर्चेंडाइज दुकानें, माल, थीम वाले स्टोर आदि होंगे।

हरे-भरे स्थानों के भीतर मिनी-गोल्फ कोर्स और मेडिटेशन क्षेत्र होगा। फिल्म-थीम वाले क्लब और बार की सुविधा होगी। जोन-6 में फिल्म यूनिवर्सिटी होगी। यह 20 एकड़ में बनेगी। यह छात्रों को व्यावहारिक सीखने के अवसर प्रदान करेगा। इसमें अत्याधुनिक कक्षाओं, स्टूडियो, लैब आदि होगी। जोन-7 पूरी तरह से 70 एकड़ में फैला व्यावसायिक क्षेत्र होगा। इसके लेआउट में एक सेंट्रल बुलेवार्ड और सभी जोन के पार्कों और हरे स्थानों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग होगा। यहां ट्राम या बस चलेंगी। पैदल चलने वालों के अनुकूल पैदल मार्ग बनेंगे। मॉल और शॉपिंग सेंटर, उच्च-स्तरीय ब्रांडों से लेकर स्थानीय कारीगरों तक के स्टोर होंगे। यहां बजट होटल, होटल में मशहूर फिल्मों से प्रेरित थीम वाले कमरे, स्पा, रेस्तरां और निजी स्क्रीनिंग रूम वाले लक्जरी होटल होंगे।