समलैंगिक पार्टनर से कुकर्म का वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, संबंधों में बदनामी के डर से कर दी थी हत्या

गाजियाबाद। डीएलएफ अंकुर विहार कॉलोनी की एक पॉश सोसायटी में कारोबारी के फ्लैट में हुई केयर टेकर की हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की मृतक से मुलाकात डेटिंग ऐप से हुई थी। जिसके बाद मृतक ने उसे अपने फ्लैट पर बुलाया और अवैध संबंध बनाए और उसकी वीडियो बना। वीडियो बनाकर जब मृतक आरोपी को ब्लैकमेल करने लगा तो कपड़े से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी गई और उसके हाथ पैर बांधकर फ्लैट से भाग गया। घटना के करीब 6 दिन बाद जब शव पूरी तरह सड़ गया और बाहर बदबू आने लगी तब केयर टेकर की मौत का पता चला। शनिवार को पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में हत्या की घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी ग्रामीण विवेक चन्द्र यादव ने बताया थाना अंकुर विहार क्षेत्र में 8 मई को डीएलएफ फ्लैट में शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर जब मौके पर पहुंच कर जांच की गई तो शव नग्न अवस्था में सडी-गली हालत में था। जांच एवं आस-पास के लोगों से पुछताछ करने पर मृतक की पहचान सिकंदर रॉय (50) के रूप में हुई थी। सिकंदर मूलरूप से गांव देहरवा थाना तिरईया मोतिहारी बिहार का रहने वाला था।

फिलहाल वह उस्मानपुर पुस्ता से नीचे घोंडा दिल्ली में किराये के मकान में रह रहा था। दिल्ली के बिरला मंदिर के पास रहने वाले नोएडा में गारमेंट कंपनी के एक्सपोर्टर हैं। उन्होंने काफी समय पहले अंकुर विहार कॉलोनी के पार्थ अपार्टमेंट में ग्राउंड फ्लोर पर ए-3 फ्लैट खरीदा था। कुछ समय उनका एक बेटा इसी फ्लैट में रहा लेकिन उसका मन नहीं लगा और वह भी वहां से चला गया। तब उनका फ्लैट खाली पड़ा था लेकिन सभी सामान उसमें मौजूद था। ऐसे में इस फ्लैट की देखरेख का जिम्मा उन्होंने सिकंदर रॉय को सौंपा था। मृतक के चाचा घनश्याम पुत्र महेन्दर राय ने थाना अंकुर विहार में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। हत्या की रिपोर्ट दर्ज रक घटना के खुलासे के लिए टीम का गठन किया गया।

शनिवार को फईम पुत्र मुखत्यार निवासी नरौली चंदौसी संभल हाल पता ब्रहमपुरी चौक जाफराबाद दिल्ली को पुस्ता खजूरी मार्ग पर सीमेंट रोड से गिरफ्तार किया गया। डीसीपी ग्रामीण ने बताया कि मृतक सिकंदर राय ने डेटिंग ऐप के माध्यम से फईम से संपर्क किया था। 2 मई को फईम को अपने फ्लैट पर बुलाया और जहां दोनों के बीच शरीरिक संबंध बन गए थे। जिसके बाद सिकंदर राय ने फईम की वीडियो बना और अपने साथ रहने के लिए दवाब बनाने लगा। जिसके बाद दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर फईम ने मृतक के पहने कपड़ो से ही फंदा बनाकर उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके हाथ पैर बांधकर फ्लैट से फरार हो गया था।