-नगर आयुक्त ने दिए निर्देश पेयजल व्यवस्था करें सुदृढ़, टैंकरों की बढ़ाएं संख्या
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गर्मी के बढ़ते प्रकोप और शहर में पानी की मांग में हो रही जबरदस्त बढ़ोतरी को देखते हुए गाजियाबाद नगर निगम ने पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। नगर निगम अब शहर के सभी वार्डों में 30 हॉर्स पॉवर (एचपी) के 34 नए सबमर्सिबल ट्यूबवेल लगाने जा रहा है। इसके अलावा पेयजल संकट वाले इलाकों में पानी के टैंकरों की संख्या भी दोगुनी की जा रही है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल के निर्देश पर जलकल विभाग ने कार्य योजना को अमल में लाना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त ने जलकल अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि पेयजल व्यवस्था में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ग्राउंड लेवल पर 24×7 मॉनिटरिंग की जाएगी।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि गर्मी में पानी की मांग तेजी से बढ़ रही है। हमारी प्राथमिकता है कि गाजियाबाद के किसी भी वार्ड में पानी की कमी न हो। इसके लिए हम 30 एचपी के 34 सबमर्सिबल ट्यूबवेल और अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था कर रहे हैं। जलकल विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद ने जानकारी दी कि फिलहाल नगर निगम की ओर से 1100 नलकूपों के माध्यम से जल आपूर्ति की जा रही है, जिनमें से 300 नलकूप 15 से 30 एचपीऔर 800 नलकूप 10 एचपी के हैं। इसके अतिरिक्त 6500 हैंडपंप भी कार्यरत हैं। अब गर्मी में बढ़ती डिमांड के मद्देनजर नेहरू नगर, लाजपत नगर, सेक्टर-9 विजय नगर, प्रताप विहार, राजनगर, रजापुर, वसुंधरा सहित कई क्षेत्रों में 10 से 15 नए ट्यूबवेल लगाए जा चुके हैं, और शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।
34 नए ट्यूबवेल होंगे गेमचेंजर
नगर निगम द्वारा प्रस्तावित 30 एचपी क्षमता के 34 ट्यूबवेल न केवल पानी की सप्लाई को स्थायी रूप से बेहतर बनाएंगे, बल्कि यह गर्मियों में संकटग्रस्त इलाकों के लिए संजीवनी साबित होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और जल्द ही इनका इंस्टॉलेशन कार्य शुरू होगा।
70 से बढ़कर 100+ होंगे टैंकर
नगर निगम वर्तमान में 70 से 80 पानी के टैंकरों के जरिए मलिन बस्तियों व पानी की किल्लत वाले इलाकों में जल आपूर्ति कर रहा है। नगर आयुक्त ने इनकी संख्या बढ़ाकर 100 से अधिक करने और ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर डेली रूटीन सप्लाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। नगर आयुक्त ने सभी पार्षदों से सीधा संवाद बनाकर जल संकट वाले इलाकों की रिपोर्ट देने को कहा है, जिससे पेयजल आपूर्ति में रुकावट न आए और हर घर तक पानी पहुंचे। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि वे पानी का सदुपयोग करें और बर्बादी से बचें।

















