नगर निगम की ऐतिहासिक उपलब्धि: टैक्स वसूली में 60 प्रतिशत की बंपर बढ़ोतरी, विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2024-25 की शुरुआत के साथ ही एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया है। इस वर्ष कर और करेतर आय में नगर निगम ने पिछले वर्ष के मुकाबले 60 प्रतिशत अधिक राजस्व वसूली की है। यह न केवल नगर निगम की कार्यकुशलता का परिचायक है, बल्कि शहर के तेज़ विकास की दिशा में एक सशक्त कदम भी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में इस बड़ी उपलब्धि की जानकारी देते हुए टैक्स विभाग की पूरी टीम और सभी पांचों जोनों के जोनल प्रभारियों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, यह उपलब्धि निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और जागरूक जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।

बैठक में नगर आयुक्त के समक्ष मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने वित्तीय वर्ष-2024-25 की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसमें पिछले वर्ष टैक्स विभाग द्वारा 354 करोड़ रुपए की वसूली की गई थी, जो इस बार 60 प्रतिशत तक बढ़ी है। जिसमें 619 करोड़ रुपए की वसूली इस वित्तीय वर्ष में टैक्स विभाग द्वारा की गई है। जो 265 करोड़ रुपए अधिक की वसूली की गई हैं। नगर आयुक्त ने रिपोर्ट देखकर संतोष जताया और जोनल प्रभारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अब हमारी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। टैक्स वसूली से मिले इस आर्थिक संबल को अब हम शहर के बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं में झोंकेंगे। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार की निगरानी में किए गए प्रयासों की भी विशेष सराहना की गई। आयुक्त ने बैठक में साफ निर्देश दिए कि इसी तरह जनहित में पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य किए जाएं।

अधिक राजस्व से शहर में सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था और डिजिटल सेवा विस्तार में मिलेगी गति। नागरिक सुविधाओं को लेकर नई योजनाएं और त्वरित क्रियान्वयन की तैयारी की जाएगी। टैक्स संग्रहण में डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम और अधिक सख्ती लाने पर विचार किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि गाजियाबाद की जनता का विश्वास और हमारे अधिकारियों की मेहनत ने मिलकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई है। 60 प्रतिशत की टैक्स वसूली वृद्धि अपने आप में रिकॉर्ड है। यह धनराशि अब गाजियाबाद को एक स्मार्ट, स्वच्छ और सुविधाजनक शहर बनाने में खर्च होगी। मैं सभी टीमों को बधाई देता हूं और अपेक्षा करता हूं कि हम आने वाले वर्षों में इससे भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।