बिहार के कटिहार में वारदात, एफआईआर दर्ज
पटना। बिहार में नतीजे सामने आने के बाद चुनावी रंजिश भी शुरू हो गई है। जनपद कटिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की जीत का जश्न मनाने पर भाजपा नेता के बेटे की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बाद में हत्यारोपियों ने शव को पेड़ पर लटका दिया। वारदात के बाद से गांव में तनाव पूर्ण माहौल है। पुलिस ने जांच-पड़ताल आरंभ कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना जनपद कटिहार के फलका थाना क्षेत्र के सोहथा उत्तरी पंचायत स्थित गोपाल पट्टी गांव की है। गोपाल पट्टी में भाजपा के बूथ अध्यक्ष दिनेश मुनि के बेटे रंजीत कुमार (18) की हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार की देर रात की है। दिनेश की पत्नी उषा देवी भी वार्ड सदस्य हैं। दिनेश मुनि ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रंजीत कुमार पटाखा छोड़ रहा था, जिससे आस-पास के कुछ ग्रामीण नाराज़ थे। इसके बाद बुधवार सुबह रंजीत का शव दरगाह बहियार में पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने बताया कि विधान सभा चुनाव में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने की खुशी में पटाखे छोडऩे को लेकर गांव के कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस विवाद मेें रंजीत की हत्या कर दी गई। मृतक युवक के शरीर पर मारपीट और जख्म के निशान भी मिले हैं। मृतक के पिता दिनेश मुनि भाजपा के काफी समर्पित कार्यकर्ता हैं। घटना के बाद फलका थानाध्यक्ष सुनील कुमार मंडल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हत्यारोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, वारदात के बाद से गांव में तनाव पूर्ण माहौल है। इसके चलते पुलिस को मुस्तैद किया गया है।
















