होली पर्व पर शहरवासियों को पानी की 5 घंटे अतिरिक्त मिलेगी सप्लाई

-पानी और सीवर लाइनों से संबंधित शिकायतों के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम शुरु

गाजियाबाद। रंगों के त्योहार होली पर्व पर शहरवासियों को पानी की किल्लत नहीं होगी। होली के त्योहार पर पानी की खपत अधिक होती है। ऐसे में शहरवासियों के त्योहार में कोई खलल न पड़े। इसलिए नगर निगम के जलकल विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।
दुल्हैंडी यानी कि बुधवार को रंग खेलने वाले दिन चार घंटे अतिरिक्त पेयजल की आपूर्ति की जाएगी। इसके साथ ही शाम को भी करीब एक घंटा अतिरिक्त पानी की आपूर्ति चालू रहेगी। जलकल विभाग के महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि पानी और सीवर लाइनों से संबंधित शिकायतों के लिए नगर निगम का कंट्रोल रूम चालू है। कंट्रोल रूम पर शिकायत दर्ज कराने या पानी का टैंकर मंगवाने के लिए हेल्पलाइन नंबर-18001803012 पर कॉल कर सकते हैं। वहीं, होली पर्व के मद्देनजर नगर निगम ने एक और नंबर 8178018388 जारी किया है।

होली पर पानी की खपत बढ़ेगी। इसलिए सभी पंप चालकों को निर्देश दिए गए है। आज यानि कि 7 मार्च की रात में ओवरहैंड टंकियों को भर लें और सुबह सीधे पंप चलाकर पानी की आपूर्ति करें। लाइट जाने पर टंकी से आपूर्ति शुरू कर दें। जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी ने बताया कि आम दिनों में सुबह छह बजे या साढ़े छह बजे से आठ या साढ़े आठ बजे तक पानी की आपूर्ति की जाती है। होली के दिन साढ़े छह बजे से दोपहर बाद ढ़ाई बजे तक आपूर्ति सुचारू रहेगी।
शाम को भी पांच बजे से आठ बजे तक पेयजल मिलेगा। आम दिनों में नगर निगम 320 मिलियन लीटर डेली (एमएलडी) की सप्लाई करता है।

होली के दिन 550 एमएलडी से अधिक पानी की आपूर्ति किए जाने की संभावना है। कंट्रोल रूम आज मंगलवार 7 मार्च की सुबह छह बजे से 9 मार्च की सुबह छह बजे तक लगातार कार्य करेगा। आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं निगरानी के लिए दिन और रात में एक-एक सहायक अभियंता को भी तैनात किया गया है। नगर निगम के सभी पांचों जोन क्षेत्र में पानी के 70 टैंक उपलब्ध रहेंगे। यदि हेल्पलाइन नंबर नहीं लगता है तो इस नंबर पर काल करने के दो घंटे के भीतर संबंधित स्थान पर पानी पहुंचा दिया जाएगा। यदि कहीं पानी की किल्लत होती है तो नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबरों पर काल करने के दो घंटे के भीतर पानी का टैंक पहुंच जाएगा। जलकल महाप्रबंधक ने बताया कि सीवर लाइनों का काम देखने वाली कंपनी वीए टेक वाबाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है कि होली से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि कहीं भी मैनहोल ओवरफ्लो न हो रहा हो और न ही मैनहोल खुला हो।

अगर ऐसा होता है तो कार्रवाई की जाएगी। जहां से ज्यादा शिकायतें मिलती हैं, वहां लाइनों की सफाई कराई जा रही है। इसके बावजूद कहीं सीवर की समस्या होती है तो कंट्रोल रूम के नंबरों पर काल कर सकते हैं। कंट्रोल रूम के अलावा क्षेत्रों में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नगर निगम के सिटी जोन को तीन हिस्सों में बांटकर आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में तीन-तीन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अन्य जोन में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। नगर निगम के सभी पांचों जोन में 70 टैंक उपलब्ध रहेंगे। वहीं,कंट्रोल रूम में 48 घंटे तक कर्मचारियों की तैनाती रहेगी। नगर निगम सीमा क्षेत्र में 266 बड़े और 756 छोटे नलकूप है। जबकि 7417 हैंडपंप हैं। शहर में लोगों को 55 एमएलडी गंगाजल और ट्यूबवैलों से 265 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है। होली के दिन 550 एमएलडी पानी आपूर्ति किए जाने की संभावना है।