कांग्रेस ने कंगना को बताया देशद्रोही, मुकदमा दर्ज करने की मांग

– कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने कंगना रनौत पर हमला बोलते हुए कहा कंगना ने किया है भारतीय महिलाओं का अपमान

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली/गाजियाबाद। एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को प्लांड मर्डर कहने वाली बॉलीवुड क्वीन कंगना रनौत ने इन दिनों बॉलीवुड और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। मुंबई की तुलना पीओके से करके लोगों के निशाने पर आई कंगना रनौत का शिवसेना एवं कांग्रेस से जबरदस्त ढंग से वाक युद्ध जारी है। बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और शिवसेना सांसद संजय राउत के बीच विवाद के मामले में कांग्रेस की कूद पड़ी है। कंगना को केंद्र सरकार द्वारा हाई सिक्योरिटी दिए जाने के केंद्र के कदम की निंदा करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने गुरूवार को अपना बयान जारी करते हुए कहा कि अगर केंद्र को लगता है कि ऐसे व्यक्ति जो छत्रपति शिवाजी के महाराष्ट्र और मुंबई की मुंबा देवी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करता है, उसे सुरक्षा दी जानी चाहिए, तो ठीक है। अगर महिला आयोग को लगता है कि ऐसी महिला को इस देश में सुरक्षा की जरूरत है तो ये उनके ऊपर है। लेकिन महाराष्ट्र के लोग देख रहे हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से करने पर कंगना रनौत के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है। मुंबई पुलिस पर कंगना के बयान से कोई भी सच्चा मुंबईकर सहमत नहीं होगा। उन्होंने कंगना को मानसिक बीमारी का इलाज कराने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कंगना ने भारतीय महिलाओं का अपमान किया है। बीजेपी सरकार के इशारे पर कंगना बोल रही है। कंगना को सिक्योरिटी दिए जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्ट सरकार है। जिसमें सिर्फ गुंडाराज है। अजय वर्मा ने कहा कि मुंबई की तुलना पीओके से करके कंगना ने 13 करोड़ मराठियों का अपमान किया है। लेकिन किसी भी भाजपा नेता ने कंगना के बयान की निंदा नहीं की। महाराष्ट्र को अपमानित करने के लिए भाजपा लगातार कोशिशें कर रही है। कंगना भाजपा के हाथों में खेल रही हैं। मुंबई को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत के बयान के बाद से महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। कंगना ने शिवसेना सांसद संजय राउत पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुंबई की तुलना पीओके से की थी।