शोक : पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का निधन

गुजरात में भाजपा को मजबूत बनाया, 2 बार सीएम रहे

गांधीनगर। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का हार्ट अटैक से निधन हो गया। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें स्टर्लिंग अस्पताल अहमदाबाद में भर्ती कराया गया था। वह 2 बार गुजरात के मुख्यमंत्री रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल कुछ दिन पहले कोविड-19 (कोरोना वायरस) की चपेट में आ गए थे। उपचार होने पर वह कोरोना वायरस से ठीक हो गए थे। इसके बावजूद उनका स्वास्थ्य बिगड़ता चला गया। सांस लेने में दिक्कत होने पर वीरवार की सुबह उन्हें पुन: अस्पताल ले जाया गया। वहां उन्होंने कोई रिस्पॉन्ड नहीं किया। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुजरात की राजनीति में केशुभाई पटेल जाना-पहचाना नाम रहे हैं। 2 बार वह मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। गुजरात के जूनागढ़ में विगत 24 जुलाई 1928 को जन्मे केशुभाई पटेल शुरुआत से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में सक्रिय रहे। वह काफी समय तक आरएसएस के प्रचारक भी रहे। बाद में वह जनसंघ और फिर भाजपा के साथ आ गए। केशुभाई पटेल 1995 और 1998 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने। 2001 में उन्होंने मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र दे दिया था। इसके बाद नरेंद्र मोदी ने गुजरात की कमान संभाली थी। गुजरात में भाजपा को मजबूत बनाने में केशुभाई पटेल ने काफी संघर्ष किया था। गांव से लेकर शहर तक भाजपा की मजबूती में उनका योगदान रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केशुभाई पटेल का बेहद सम्मान करते रहे। उन्हें गुरु का दर्जा देते रहे। इस बीच भाजपा से मतभेद होने पर केशुभाई ने 2012 में अपनी अलग पार्टी का गठन कर लिया था। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर लिया था। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना जाहिर की है।