शालीमार गार्डन में अवैध चतुर्थ तल को जीडीए ने हथौड़ा चलवाकर ध्वस्त किया

  • जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर सख्त कार्रवाई, अवैध निर्माण पर लगाई रोक
  • भूखंड संख्या-499-ए पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किए गए अतिरिक्त तल को ध्वस्त किया गया
  • निर्माणकर्ता का विरोध, जीडीए पुलिस बल ने किया नियंत्रण
  • अवैध निर्माण रोकने के लिए प्रवर्तन अभियान शहरभर में जारी रहेगा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शालीमार गार्डन में अवैध निर्माण पर कड़ी कार्रवाई करते हुए चतुर्थ तल को हथौड़ा चलवाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देशों के बाद की गई, जिन्होंने अवैध निर्माण को पूरी तरह समाप्त करने का सख्त आदेश दिया था। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता सुरजीत कुमार, अवर अभियंता रितुपाल और अवर अभियंता सचिन अग्रवाल ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई संपन्न की।

गाजियाबाद में स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन करते हुए भूखंड संख्या-499-ए, शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 साहिबाबाद पर बिल्डर द्वारा अतिरिक्त चतुर्थ तल का निर्माण किया गया था। जीडीए टीम ने निर्माण स्थल पर निर्मित कॉलम और दीवारों को हथौड़ा चलवाकर ध्वस्त किया। इस कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ता ने विरोध किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए अवैध निर्माण को पूरी तरह समाप्त कराया। इस अवसर पर जीडीए अधिकारियों ने कहा कि शहर के नियोजित विकास और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अतुल वत्स ने स्पष्ट किया कि हम शहर में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को रोकने के लिए सतर्क हैं। ऐसे निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि शहर का नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके। जीडीए का प्रवर्तन अभियान केवल शालीमार गार्डन तक सीमित नहीं है। शहर भर में स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन करने वाले अन्य निर्माणों पर भी सख्त निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस कदम से गाजियाबाद में निर्माण नियमों के पालन और शहर की नियोजित विकास योजना को मजबूती मिलेगी।