होर्डिंग-यूनीपोल मुक्त होगा गाजियाबाद

– शहर में लगेंगे डिजिटल स्क्रीन, सुंदर दिखेगा शहर, बढ़ेगी आमदनी

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शहर के लिए नासूर बन रहे बड़े-बड़े फिजिकल होर्डिंग और यूनीपोल को हटाया जाएगा। जितने भी अवैध होर्डिंग यूनिपोल हैं उन्हें हटाने के साथ वैध यूनिपोल के स्थान पर डिजीटल स्क्रीन लगाये जाएंगे। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने इसको लेकर कार्य योजना तैयार कर ली है और अब उसे अमलीजामा पहनाया जाएगा। शहर में बिल्ड आॅपरेट एंड ट्रांसफर(बीओटी)आधारित कंपनियां अब डिजिटल स्क्रीन के जरिए ही प्रचार कर सकेगी।
म्युनिसिपल कमिश्नर का कहना है कि शहर की सूरत में बदलाव लाने के लिए यह प्लानिंग की गई हैं। शहर में अब डिजिटल होर्डिंग ही होंगे। विज्ञापन करने वाली कंपनियां डिजिटल होर्डिंग के जरिए ही अपना प्रचार करा सकेगी। इसके लिए बीओटी कंपनियों को बुलाकर उनसे भी वार्ता की जाएगी। इसके बाद 15 दिन में इनका टेंडर निकाला जाएगा। इसमें जो भी इच्छुक कंपनियां आएंगी। उन्हें ही शहर में डिजिटल होर्डिंग लगाने के लिए कांट्रेक्ट दिया जाएगा। शहर में आगे से डिजिटल तरीके से ही प्रचार होगा। इसके अलावा नगर निगम की योजनाओं से लेकर विकास कार्यों की पहचान के लिए डिजिटल स्क्रीन पर पट्टी चलवाई जाएगी। वहीं, ट्रैफिक पुलिस के अभियान और जागरूकता अभियान के लिए डिजिटल स्क्रीन पर प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शहर में अब होर्डिंग एवं यूनीपोल नहीं लगने दिए जाएंगे। डिजिटल स्क्रीन लगने से शहर में रात में भी यह स्पष्ट दिखाई देंगे और एक स्क्रीन पर कई विज्ञापन चल सकेंगे। इससे विज्ञापन करने वाली कंपनियों को भी लाभ होगा। म्युनिसिपल कमिश्नर की यह पहल अच्छी मानी जा रही है। इससे अवैध होेर्डिंग्स के मकड़जाल से शहरवासियों को निजात मिलेगी। विज्ञापन करने वालों की कमाई बढ़ेगी और नगर निगम को टैक्स से मिलने वाली आय में भी बढ़ोत्तरी होगी। म्युनिसिपल कमिश्नर ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी पांच जोन अंतर्गत सर्वे कराया जाएगा। जिससे पता चल सके कि कहां-कहां पर डिजिटल स्क्रीन लगाई जा सकेगी। सर्वे के बाद स्थानों को चिन्हित कर लिया जाएगा।