प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी: नरेंद्र भूषण

-धरा को हरा-भरा रखना सभी की जिम्मेदारी: डॉ अरुण वीर सिंह
– पौधारोपण के साथ पौधों की सुरक्षा भी करनी होगी: धीरेन्द्र सिंह
-यमुना प्राधिकरण में जनआंदोलन के रुप में मनाया गया पौधरोपण अभियान

ग्रेटर नोएडा। प्रदेश व्यापी अभियान के तहत शनिवार को यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में पौधरोपण किया गया। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने सेक्टर 33 के पास पौधे लगाए। औद्योगिक विकास के प्रमुख सचिव नरेंद्र भूषण, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह, एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया आदि ने सेक्टर 29 में पौधे लगाए। उद्यान विभाग से इन पौधों के रखरखाव का संकल्प लिया।
प्रमुख सचिव नरेंद्र भूषण ने वृक्ष रोपित करते हुए कहा केवल पेड़ को लगाना ही हमारा दायित्व नहीं है, पौधारोपण करने के उपरांत पौधे का संरक्षण अनिवार्य है, हम सबको पौधा लगाने के उपरांत उसकी देखरेख अनिवार्य रूप से करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति को सुरक्षित रखने के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना बहुत जरूरी है और हम अपने पर्यावरण को तभी सुरक्षित रख सकते हैं, जब हम अधिक से अधिक पौधे रोपित करते हुए उनका संरक्षण करें। हम सब को यह भी संकल्प लेना होगा कि यदि देश प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए वृक्षों को काटा भी जाता है तो उसके सापेक्ष हमको 4 गुना वृक्ष रोपित करने चाहिए, ताकि हमारे पर्यावरण सुरक्षित बना रहे।

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह ने कहा प्रत्येक मनुष्य को यह संकल्प लेना होगा कि हमारे परिवार में जब भी किसी सदस्य का जन्मदिन होगा तो उसके द्वारा एक वृक्ष रोपित किया जाएगा। आम जनमानस से भी यह अपील करते हुए कहा कि सभी लोग इस वृक्षारोपण कार्यक्रम को जन आंदोलन के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में वृक्षारोपण कर उन को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिदिन उनकी देखरेख करें, ताकि वृक्षों को सुरक्षित रखते हुए अपने पर्यावरण को सुरक्षित बनाया जा सके।

पौधे रोपित करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है, इसको हम सबको मिलकर जन आंदोलन के रूप में मनाते हुए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करना होगा और निर्धारित लक्ष्य से अधिक वृक्षारोपण करते हुए हमें इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। पर्यावरण की बेहतरी के लिए पौधरोपण बेहद जरूरी है। धरा को हरा-भरा रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण को हरा-भरा रखने को अधिक पौधरोपण पर जोर दिया।

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा वृक्षारोपण में समाज के सभी लोगों को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। सभी मनुष्य को अपने जीवन में पौधारोपण अवश्य करना चाहिए। हर इंसान को वृक्ष लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ पौधों की सुरक्षा भी करनी होगी। पौधे न केवल वातावरण को स्वच्छ बनाते हैं बल्कि जीवन के लिए अति आवश्यक वायु भी इनसे ही प्राप्त होती है। अत: सभी लोग अपने आस-पास की खाली जगह पर ज्यादा से ज्यादा पेड़-पौधे लगाएं और वातावरण स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।

एसीईओ कपिल सिंह ने कहा वृक्षजीवन का आधार हैं। उनके बिना पृथ्वी पर जीवन संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित पौधारोपण करना चाहिए। किसी भी जीव के लिए आक्सीजन सबसे महत्वपूर्ण होता है। पेड़ ही आक्सीजन का सबसे बडा स्रोत है। बिना वृक्ष के धरती और धरती पर जीवन की कल्पना तक नहीं की जा सकती। अपने भविष्य के बारे में कोई चिंता नहीं है। पर्यावरण का बिगड़ता संतुलन खतरे की घंटी है। जागरूकता के लिए काफी अभियान चलाए जाते रहे हैं और चल भी रहे हैं। जागरूकता बढ़ी भी है, लेकिन अधिक पौधे लगाने के स्थान पर ये जरूरी है कि हम जो भी पौधा लगाएं उसकी परवरिश करें।