वृक्षों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना करना बेकार: डॉ. अंतुल तेवतिया

-पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए व पर्यावरण संतुलन के लिए वृक्षारोपण बहुत जरूरी: धर्मजीत त्रिपाठी
-जिला पंचायत ने चलाया वृहद पौधारोपण अभियान, रोपित किए पांच हजार पौधे
-स्कूली छात्रों को किया पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक

बुंलदशहर। मानव जीवन के लिए पेड़ पौधे बहुत ही आवश्यक है। वृक्षों के बिना धरती पर जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती। हमें वृक्षारोपण कर पर्यावरण को संतुलित बनाने में योगदान देना चाहिए। वृक्ष हमेशा देते हैं, लेकिन लेते कुछ नहीं है। प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधा जरूर लगाना चाहिए। पेड़ों से मनुष्य को ऑक्सीजन, छाया, फल मिलते हैं तथा पेड़ बरसात लाने में सहायक होते है। उक्त बातें शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने नरौरा स्थित जिला पंचायत की भूमि पर वृक्षारोपण करते हुए कहीं।

उन्होंने पौध रोपण की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शासन के मंशा के अनुरूप अधिक से अधिक पौधे लगाए। हरे पेड़-पौधे से ही प्रकृति है, पौधे जीवन के आधार हैं। यह समाप्त होंगे तो जीव-जंतु यहां तक की प्रकृति ही समाप्त हो जाएगी। इतना ही नहीं पेड़ों से हमें फल, फूल, भोजन व औषधियां प्राप्त होती हैं। यह रहेंगे तो ही जीवन रहेगा। जिला पंचायत ने 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें जिला पंचायत द्वारा अलग-अलग स्थानों (जिला पंचायत की परिसम्पत्ति, अमृत सरोवरों, सड़कों के किनारे आदि) पर लगभग 5 हजार से अधिक पौधे लगाए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने संविलियन विद्यालय नरौरा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ प्रतिबद्ध होकर वृक्षारोपण किया। जिसमें प्रत्येक छात्र/छात्रा द्वारा संरक्षण प्रतिबद्धता के साथ वृक्षारोपण किया गया। पौधे लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल भी जरूरी है।

जिला पंचायत के कर्मठ अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने भी जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ पौधा लगाते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि एक वृक्ष दस पुत्र समान है। पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के लिए इसकी रफ्तार को रोका जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि व्यक्ति अधिक से अधिक पौधे लगाए। व्यक्ति का पर्यावरण संरक्षण के प्रयास करने चाहिए। लोगों का छोटा-छोटा प्रयास ही एक दिन बड़ा प्रयास बनेगा। प्रकृति की अनमोल धरोहर एवं श्रृंगार को हरा भरा बनाने के लिए पौधरोपण बहुत जरूरी है।

वृक्ष हमारे जीवन में कितने उपयोगी हैं। यह सच किसी से छिपा नहीं है। वास्तव में यह धरती का गहना हैं और प्रकृति का श्रृंगार करते हैं। धरती पर हरियाली ही इन पेड़ों की देन है। मौसम, जलवायु, बारिश भी इन पेड़ों की देन है। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुधीर शर्मा, जिला पंचायत के अन्य कर्मचारीगण, अधिकारीगण उपस्थित रहें। जिला पंचायत द्वारा निर्धारित लक्ष्य में से शेष 5000 पौधों को स्वतंत्रता दिवस के दिन रोपित किया जाएगा। उक्त वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम रेंजर मोहित चौधरी की देख-रेख में सम्पन्न हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा उक्त कार्यक्रम के लिए रेंजर मोहित चौधरी के साथ-साथ विभागीय सभी कर्मचारीगण/अधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की गई।