मुंबई : कंगना और रंगोली की गिरफ्तारी पर रोक

राजद्रोह केस में बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली राहत

मुंबई। राजद्रोह के केस में घिरीं बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल को बॉम्बे हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिल गई है। अदालत ने कंगना व रंगोली को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी है। फिलहाल इन दोनों बहनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकेगी। अभिनेत्री कंगना रनौत और रंगोली चंदेल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के प्रकरण में आज बॉम्बे हाईकोर्ट ने सुनवाई की। हाईकोर्ट ने कंगना और रंगोली को आगामी 8 जनवरी को मुंबई पुलिस के समक्ष पेश होने का आदेश दिया है। मुंबई में बांद्रा की एक अदालत के आदेश के बाद दोनों बहनों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट के चलते दोनों बहनों को विवाद का सामना करना पड़ा है। एफआईआर में उन पर समाज में नफरत और सांप्रदायिक तनाव उत्पन्न करने का आरोप है। कास्टिंग डायरेक्टर मुनव्वर अली ने यह शिकायत की थी। अली ने आरोप लगाया था कि कंगना रनौत व रंगोली चंदेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पूरी फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम किया है। इसके बाद कंगना और रंगोली ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने का अनुरोध किया था। कंगना और रंगोली के अधिवक्ता रिजवान सिद्दीकी ने अदालत को आश्वस्त किया कि दोनों बहनें बांद्रा पुलिस के समक्ष 8 जनवरी को दोपहर 12 से 2 बजे तक अपने बयान दर्ज कराने को उपस्थित रहेंगी। उधर, कोर्ट ने यह भी पूछा कि इस प्रकरण में राजद्रोह के आरोप क्यों लगाए गए। पुलिस को तब तक कंगना और रंगोली के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने के लिए भी कहा गया है। बता दें कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से अभिनेत्री कंगना रनौत बॉलीवुड के कारनामों पर खुलकर बोल रही हैं। वह बॉलीवुड की कुछ शर्मनाक हरकतों के बारे में भी बता चुकी हैं।