सियासत में शोक : अब कैबिनेट मंत्री का निधन

मिनिस्टर और भाजपा विधायक विनोद सिंह नहीं रहे

पटना। बिहार के एक और कद्दावर नेता अब दुनिया में नहीं रहे। नीतीश सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा विधायक विनोद कुमार सिंह का निधन हो गया। दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्वस्थ होने के कारण उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विनोद सिंह के आकस्मिक निधन से बिहार की राजनीति में एकाएक शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिज्ञों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंत्री विनोद सिंह के निधन की सूचना उनके पीए राजीव रंजन ने दी। वह मूल रूप से बिहार के कटिहार के रहने वाले थे। वह बिहार भाजपा के कद्दावर नेताओं में शुमार थे। विनोद सिंह कटिहार के प्राणपुर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा विधायक थे। कुछ दिन पहले विनोद व उनकी पत्नी को कोरोना वायरस का संक्रमण हो गया था। हालांकि वह स्वस्थ हो गए थे। बाद में एकाएक तबीयत बिगडऩे पर उन्हें इलाज के लिए पटना से एयर एंबुलेंस की सहायता से दिल्ली लाया गया था। वर्ष-2010 में विधान सभा चुनाव में विनोद सिंह ने प्राणपुर सीट से 4 बार के विधायक महेंद्र नारायण यादव को करारी शिकस्त दी थी। इससे वह एकाएक सुर्खियों में आ गए थे। 2015 में उन्होंने एनसीपी के प्रत्याशी इशरत प्रवीण को मात दी थी। नीतीश सरकार में उन्हें पहले खनन एवं भूतत्व मंत्री और बाद में पिछड़ा तथा अति पिछड़ा कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने विनोद सिंह के निधन पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है। वहीं, जनता दल यूनाईटेड के प्रदेशाध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह और पूर्णिया के सांसद संतोष कुशवाहा ने भी शोक प्रकट किया है। बता दें कि कुछ दिन पहले बिहार के दिग्गज नेता एवं एनडीए सरकार में मंत्री रामविलास पासवान का भी निधन हो गया था।