ग्रिड फेल, ब्लैक आउट के बाद जांच के आदेश

मुंबई में ट्रेनें रूकीं, ट्रैफिक सिग्नल हो गए ठप

ट्विटर पर भी मचा कोहराम, यूजर्स ने सुनाया दर्द

मुंबई। मुंबई में सोमवार को अचानक ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न हो गई। टाटा पावर में ग्रिड में गड़बड़ी आने से मुंबई का बड़ा हिस्सा बिजली संकट की चपेट में आ गया। ऐसे में उप-नगरीय ट्रेनों के पहिए भी रूक गए। पावर कट से सरकार तक में हड़कंप मच गया। बाद में तकनीकी गड़बड़ी दूर कर धीरे-धीरे विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। महाराष्ट्र सरकार ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। उधर, भाजपा ने महाराष्ट्र की शिवसेना सरकार पर चुटकी ली। कुछ बॉलीवुड कलाकारों ने भी ट्वीट कर जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई आज एकाएक बिजली संकट से घिर गई। इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई बोर्ड ने बताया कि टाटा की विद्युत आपूर्ति में कुछ दिक्कत आने से यह हालात पैदा हुए। पॉवर कट के कारण ट्रेनों का संचालन भी रूक गया। विभिन क्षेत्रों में यातायात सिग्नल बंद हो गए। पश्चिमी रेलवे ने कहा कि टाटा पावर की ग्रिड में तकनीकी गड़बड़ी आई है। मुंबई में इस प्रकार का बिजली संकट पहली बार देखने को मिला है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट ने ट्वीट कर कहा कि शहर में विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर असुविधा के लिए खेद है। बिजली गुल होने से सेंट्रल और वेस्टर्न लाइन पर कुछ उप-नगरीय ट्रेनें जहां-तहां रूक गईं। सेंट्रल रेलवे ने ट्वीट कर कहा कि स्थिति में सुधार होगा। कृपया थोड़ा धैर्य रखें। वहीं, महाराष्ट्र सरकार के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने बताया कि 400 केवी कलवा-पडग़ा सर्किट-01 में काम चल रहा था। ऐसे में पूरा लोड सर्किट-2 पर आ गया। नतीजन सर्किट-2 फेल हो गया। इससे मुंबई और ठाणे के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। ऊर्जा मंत्री राउत ने कहा कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बाकी स्थानों पर जल्द आपूर्ति बहाली के लिए विद्युत कर्मचारी मुस्तैदी से लगे हैं। उधर, अभिनेता अभिताभ बच्चन ने भी सोशल मीडिया पर ट्वीट कर नागरिकों से बिजली संकट के दरम्यान धैर्य बनाए रखने का अनुरोध किया।