-3 अक्टूबर से होगा रामलीला का मंचन, तैयारियां हुई तेज
गाजियाबाद। जीवन के श्रेष्ठ आदर्शों का सोपान है रामलीला। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के चरित्र को आम लोगों में फलीभूत करने का काम यह रामलीला ही करती है। रामलीला के मंचन को लेकर तैयारियां तेज हो गई है। रविवार को श्री रामलीला समिति गोलपार्क राजेंद्र नगर द्वारा एकादशी के शुभ अवसर पर भूमि पूजन कार्यक्रम किया गया। यह भूमि पूजन विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन के साथ हुआ। जिसमें कई अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। जिसमें पंडित राधा मोहन शास्त्री ने विधि विधान से भूमि पूजन करवाया। मुख्य संरक्षक एसपी सिंह ने बताया इस वर्ष के विजय महोत्सव में विशेष उत्साह और भव्यता देखने को मिलेगी।
रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जो लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। रामलीला भूमि पूजन के दौरान शहर के प्रमुख व्यक्तियों और अतिथियों ने इस भव्य आयोजन के सफलतापूर्वक सम्पन्न होने की शुभकामनाएं दीं। रामलीला का आयोजन 3 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक चलेगा। रामलीला में भाग लेने के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। जहां वे रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान राम के आदर्शों को जीवंत होते देखेंगे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करता है। इस अवसर पर अध्यक्ष रमाकांत पांडे, उपाध्यक्ष राकेश सूद, महामंत्री रामजी झा, तिलक राम पांडे, चंदन झा, राजकुमार गुप्ता, कमलेश यादव, धर्मेंद्र दुबे, कौशल किशोर दुबे, अजय कुमार, कांति पांडे, मनोज शर्मा, अशोक पूंजनी, नादिर अली आदि कार्य समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


















