डस्ट फ्री गाजियाबाद अभियान में होगी जन-भागिदारी

– डस्ट फ्री अभियान के तहत नगर निगम कर्मचारियों ने सड़कों से उठाये 2329 थैले धूल
– शनिवार को नगर निगम के साथ मिलकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सड़कों से उठाएंगें धूल

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शहर की सड़कों को धूल मुक्त बनाने की मुहिम में जन भागिदारी शुरू हो गई है। नगर निगम के डस्ट फ्री गाजियाबाद अभियान की ना सिर्फ चर्चा कर रहे हैं बल्कि इस अभियान से जुड़ भी रहे हैं। शनिवार को नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मिलकर आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी सड़कों से धूल उठाएंगे। धूल उठाने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी करेंगे कि वह गंदगी ना फैलायें। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने स्वयं अपने हाथों से सड़क से धूल उठाकर बैग भरे थे। म्युनिसिपल कमिश्नर का यह कार्य शहर में काफी चर्चित हुआ था और धूल उठाने वाली फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 की शुरूआत हो गई है। इसी क्रम में डस्ट फ्री गाजियाबाद अभियान भी जोर पकड़ रहा है। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में सभी जोन की प्रमुख सड़कों को धूल मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। सड़कों पर फैली धूल की वजह से प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ जाता है। डस्ट फ्री अभियान के तहत नगर निगम के पांचों जोन में सड़कों से धूल उठाकर 2329 धूल के थैले भरे गए हैं। विजयनगर जोन से 445, मोहन नगर जोन में 400, वसुंधरा जोन से 682, कवि नगर जोन से 602, सिटी जोन से 200 धूल के थैले निगम द्वारा सड़कों से भरे गए। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा वैकल्पिक दिनों में धूल सड़कों से उठाने का अभियान लगातार चलता रहेगा जिस के क्रम में शनिवार को आरडब्ल्यूए के लोग भी निगम के इस अभियान से जुड़कर सड़कों से धूल उठाएंगे। म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि मैं गाजियाबाद में रह रहा हूं तो यह शहर मेरा है और इस शहर को साफ करने और साफ रखने की जिम्मेदारी भी मेरी है। सड़कों को डस्ट फ्री अभियान में जन भागीदारी भी बढ़ रही है। आरडब्ल्यूए के लोग नगर निगम के साथ मिलकर सड़कों से धूल हटाएंगें और स्वच्छ गाजियाबाद का संदेश देंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 के लिए हमारा लक्ष्य गाजियाबाद गंदगी मुक्त स्वच्छ शहर बनाना है।