गाजियाबाद। एनडीआरएफ रोड गोविंदपुरम स्थित मॉडल शॉप पर गांव रईसपुर निवासी युवक राहुल सिंह के साथ चार दिन पहले मारपीट किए जाने और घर पर उसकी मौत होने के मामले में कविनगर थाना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि इसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मृतक युवक राहुल सिंह की 1.50 लाख रुपए उधार की मांग करने पर तीन युवकों ने मारपीट की थी। पिटाई किए जाने के बाद राहुल अपने घर पर जाकर सो गए थे। सुबह परिजनों ने उन्हें उठाने का प्रयास किया तो वह बिस्तर पर मृत मिले थे। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और जांच के दौरान तीन युवकों के नाम प्रकाश में आए थे। मामले का खुलासा करने के लिए टीम गठित की गई थी। मंगलवार की तड़के कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र मलिक टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।
तभी इनकी स्कूटी सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान मारपीट के आरोपी गांव रजापुर निवासी मनीष उर्फ मंगल पुत्र जगपाल सिंह के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि इसका साथी गांव चित्तौड़ा निवासी विक्की स्कूटी लेकर फरार हो गया। तीसरा आरोपी गांव चित्तौड़ा निवासी अरूण भी फरार चल रहा है। पुलिस टीम ने इन्हें चेकिंग करने के लिए रोके जाने पर पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया था। एसीपी कविनगर ने बताया कि 11 अक्टूबर को अरुण सिंह निवासी गांव रईसपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अक्टूबर को मॉडल शॉप पर उसके भाई राहुल सिंह के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट की है। राहुल किसी को बताए बिना घर पर आकर सो गया था, मारपीट के चलते आई गंभीर चोट से राहुल की मौत गई। गोविंदपुरम में एनडीआरएफ रोड स्थित मॉडल शॉप पर रजापुर निवासी मंगल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रईसपुर निवासी राहुल के साथ मारपीट की थी।
यह घटना 10 अक्टूबर की रात की है। राहुल चुपचाप अपने घर जाकर सो गया। 11 अक्टूबर की सुबह 40 वर्षीय राहुल मृत मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था। पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। राहुल के भाई अरुण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि एनडीआरएफ रोड स्थित मॉडल शॉप पर कुछ युवकोंं ने राहुल के साथ मारपीट की थी लेकिन रात में वह घर आया और परिजनों को कुछ बताए बिना अपने बिस्तर पर सो गया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक न उठने पर परिजनों ने आवाज लगाई तो राहुल नही उठा। परिजनों ने देखा तो राहुल बिस्तर पर मृत पड़ा हुआ था। पुलिस फरार दो अन्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
















