3 माह बाद जेल से बाहर आएगा शौविक चक्रवर्ती
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत प्रकरण में ड्रग्स केस में जेल में बंद अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के भाई शौविक चक्रवर्ती को जमानत मिल गई है। एनडीपीएस कोर्ट ने बुधवार को शौविक की जमानत अर्जी मंजूर कर दी। ऐसे में करीब 3 माह बाद वह जेल से बाहर आ सकेंगे। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल सामने आने के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने जांच-पड़ताल शुरू की थी। पूछताछ और जांचोपरांत एनसीबी ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के करीब एक माह बाद रिया को जमानत मिल गई थी, मगर शौविक अब तक जेल में बंद है। विगत 5 सितम्बर को लंबी पूछताछ के बाद शौविक की गिरफतारी की गई थी। एनडीपीएस कोर्ट से जमानत मिलने के बाद शौविक चक्रवर्ती अब जेल से बाहर आ सकेंगे। एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती और शौविक चक्रवर्ती सहित 3 दर्जन से ज्यादा आरोपियों पर ड्रग्स की खरीद-बिक्री करने के मामले में केस दर्ज किया था। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स का कथित मामला प्रकाश में आया था। इस सिलसिले में एनसीबी ने केस दर्ज किया और कई दिग्गज अभिनेता और अभिनेत्रियों से पूछताछ की। एनसीबी ने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सारा अली खान, श्रद्धा कपूर के अलावा अभिनेता अर्जुन रामपाल, उनकी गर्लफे्रंड समेत कई व्यक्तियों से अलग-अलग पूछताछ की थी। मुंबई में एनसीबी की जांच अभी भी जारी है। ड्रग्स माफिया और पेंडलर्स का नेटवर्क तोडऩे में जांच एजेंसी को कामयाबी भी मिल रही है। एनसीबी की टीम ने हाल ही में कॉमेडियन दंपति भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के आवास पर छापा मारकर गांजा बरामद किया था। बाद में इस दंपति को गिरफ्तार किया गया। बाद में दोनों को कोर्ट से जमानत मिलने पर रिहा कर दिया गया था।
















