-जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं को भरोसा, रालोद की रणनीति किसानों, मजदूरों और वंचितों के हित में
-दो अक्टूबर से एकता यात्रा का आगाज, 31 अक्टूबर को झांसी में होगी समापन सभा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय महासचिव और संगठन प्रमुख त्रिलोक त्यागी ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि आगामी वर्ष में प्रस्तावित जिला पंचायत और ग्राम पंचायत चुनाव रालोद अकेले लड़ेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए में शामिल रालोद की ओर से चुनाव चिन्ह इस बार नहीं दिया जाएगा और पार्टी बिना किसी गठबंधन के सीधे चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने यह भी बताया कि ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में दोनों प्रमुख दल एक-दूसरे को समर्थन देंगे। त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद हमेशा से किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के लिए लड़ती रही है। उन्होंने आगे बताया कि वे भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के अनुयायी हैं और राजनीति में सब कुछ संभव है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य मिलेगा, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में वार्ता की गई है।
रालोद के संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर भी उन्होंने प्रकाश डाला। आगामी दो अक्टूबर गांधी जयंती से देशभर के राज्यों में एकता यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें रालोद के 18 मंडलों में सम्मेलन होंगे। इन सम्मेलनों में राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी शिरकत करेंगे। यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों—युवा, अल्पसंख्यक, महिलाओं को जोड़ना और संगठन को मजबूत करना है। यात्रा का समापन 31 अक्टूबर को झांसी में होगा। त्रिलोक त्यागी ने बताया कि एकता यात्रा में लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान कराया जाएगा और प्रत्येक मंडल के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर पार्टी की गतिविधियों को गति दी जाएगी। उन्होंने सदस्यता अभियान के अंतर्गत हर कार्यकर्ता को कम से कम 20 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया। ऐसा करने वाले कार्यकर्ताओं को ही पार्टी में पद मिलेगा।
इस अवसर पर रालोद खेल प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी विस्तार बैठक भी आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नीरपाल सिंह ने कार्यकारिणी की घोषणा की। महानगर अध्यक्ष संजीव अरोड़ा ने नई टीम में महासचिव पद पर हरीश गैमव, राहुल चौधरी, आज़ार अली और अनुज बवेजा को नियुक्त किया। उपाध्यक्ष पद पर रविन्द्र कुर दादु और अखिल शर्मा तथा सचिव पद पर ताहिर, रिजवान, अनुज और विनोद को जिम्मेदारी दी गई। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नई टीम का स्वागत किया और विश्वास जताया कि इनकी सक्रियता से संगठन और मजबूत होगा। त्रिलोक त्यागी ने अंत में कहा कि रालोद का लक्ष्य हमेशा समाज के सभी वर्गों को सशक्त करना और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाना रहा है। आगामी चुनाव और संगठन विस्तार के साथ रालोद प्रदेश में अपनी ताकत और मजबूती साबित करेगी।
















