स्वास्थ मंत्रालय के डिप्टी कमिश्नर डॉ. सुशील कुमार विमल ने कहा मोटा अनाज खाने से बढ़ेगी इम्युनिटी और बीमारियों से होगा बचाव

दिल्ली हैल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष 2023 समारोह कार्यक्रम का हुआ आयोजन

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। मोटा अनाज को दैनिक भोजन में शामिल करने और मोटे अनाज से बने उत्पाद खाने से स्वास्थ्य को अधिक फायदा होगा। मोटे अनाज में फाइबर, मिनरल, आयरन, कैल्शियम और जिंक की मात्रा ज्यादा होती है। जो सेहत के लिए अच्छी होती है। ज्यादा देर तक एनर्जी मिलती रहती है। बाजरे की रोटी, खिचड़ी, लड्डू इत्यादि का सेवन करने से कई तरह का स्वास्थ लाभ मिलता है। यह हमारी इम्युनिटी पावर को भी बढ़ाता है और हमें बीमारियों से बचाता है। स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार में उपायुक्त डॉ. सुशील कुमार विमल ने रविवार 24 दिसंबर को दिलशाद गार्डन में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बाजरा वर्ष 2023 समारोह कार्यक्रम में यह बातें कही। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली हेल्थ केयर कोआपरेटिव सोसायटी लिमिटेड द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य मंत्रालय के उपायुक्त डॉ. सुशील कुमार विमल एवं इफको को-आपरेटिव रिलेशन के ज्वाइंट मैनेजर संतोष शुक्ला ने संयुक्त रूप से किया गया।

डॉ. सुशील कुमार विमल ने कहा कि शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने हेतु हमें मोटे अनाज का सेवन बेहद जरूरी है। संतुलित आहार, तेल घी की कमी तथा पानी की मात्रा बढ़ाकर हम स्वस्थ रह सकते हैं। मोटे अनाज के फायदे को देखते हुए सरकार ने 2023 को मिलेट्स इयर घोषित किया हुआ है। मोटे अनाज में फाइबर, मिनरल, आयरन, कैल्शियम और जिंक की मात्रा ज्यादा होती है, जो सेहत के लिए अच्छी होती है, और ज्यादा देर तक एनर्जी मिलती रहती है। गेहूं के साथ किसी भी मोटे अनाज को मिलाकर उससे बने आटे से रोटी या अन्य उत्पाद बनाकर खाने चाहिए। यह हमारे स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद रहते हैं। इफको कोआपरेटिव रिलेशन के ज्वाइंट मैनेजर संतोष शुक्ला ने कहा कि एक समय था जब देश में खाद्यान्न उत्पादन कम था। देश वासियों की आवश्यकता को पूरा करने के लिए गेहूं विदेश से आयात करना पड़ता था। इफको द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों के बल पर आज भारत सरकार अपनी पूर्ति के साथ साथ बड़ी मात्रा में खाद्यान्न निर्यात कर रहा है।

कार्यक्रम के आयोजन के लिए गजेन्द्र पाल सिंह सारन अध्यक्ष को इफको की ओर से प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ नई दिल्ली के निदेशक संजय वर्मा ने कार्यक्रम की प्रशंसा की और लोगों से मोटा अनाज के सेवन की अपील की। कार्यक्रम में डॉ. सुशील कुमार विमल, संजय वर्मा, थान सिंह की पाठशाला के संस्थापक थान सिंह, दिल्ली स्टेट कोआपरेटिव यूनियन के अनुदेशक राकेश वत्स, अलका एएओ, शशि पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू माडर्न शाहदरा के संस्थापक डॉ सुरेन्द्र वर्मा को समाज सेवा में योगदान के लिए अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में जस्सको अध्यक्ष शिव दत्त सिंह, गौरव त्यागी, देवेन्द्र पाल सिंह दलाल, संतराम, गौरव पांचाल, जस्सको प्रबंधक निर्दोष तेवतिया, दिल्ली उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता सूबे सिंह पाराशर, चरण पाल सिंह, ममता कुमारी, अल्पना, शारदा रानी एवं अंतर्राष्ट्रीय कवि योगेश सुन्दरियाल ने भाग लिया। कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि दी गई तथा कुमारी मोंटी की सरस्वती वंदना प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत किया गया।