-डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने किया सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण
-एसीपी उपासना पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ लिया जमीनी जायजा
-श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष निर्देश, हर गतिविधि पर रहेगी नजर
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय के साथ कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध श्री दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया गया। अधिकारियों ने प्रवेश एवं निकास द्वारों, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की। डीसीपी नगर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महाशिवरात्रि पर उमडऩे वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो।
एसीपी उपासना पाण्डेय ने पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। उन्होंने ड्रोन तकनीक के माध्यम से की जा रही निगरानी का निरीक्षण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, पार्किंग स्थल और मुख्य मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। ड्रोन कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर समुचित योजना बनाई गई है। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों को भी लगाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात सुचारु रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। स्थानीय खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय किया गया है तथा सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है, ताकि अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं को समय रहते रोका जा सके। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर की जा रही इन व्यापक तैयारियों से स्पष्ट है कि प्रशासन इस बार सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है, ताकि आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

















