शहर में कूड़ा निस्तारण को लेकर नगर निगम की सख्ती

-सोसायटी को देनी होगी कूड़ा निस्तारण की जानकारी: डॉ. मिथिलेश कुमार

गाजियाबाद। शहर में कूड़ा निस्तारण को लेकर अब नगर निगम सख्ती बरतने जा रहा है। शहर की सोसायटी से इसकी शुरुआत की जाएगी। निगम ने सभी सोसायटी से कूड़ा निस्तारण करने की जानकारी मांगी है। कूड़ा निस्तारण के लिए प्लांट है या नहीं यह भी इन्हें बताना होगा। इस संबंध में जीडीए, आवास एवं विकास परिषद, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी पत्र लिखा है। शहर में कूड़ा निस्तारण न होना गंभीर समस्या बन गया है। शहर में रोजाना लगभग 1400 से 1500 मीट्रिक टन कूड़ा निकल रहा है।

ऐसे में निगम के सामने अब कूड़े का निस्तारण करना चुनौती बन रहा है। फिलहाल निजी कंपनी कूड़ा उठान कर रही है। इसके बाद भी शहर में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था ढर्रे पर नहीं आ रही हैं। निगम में शिकायत की गई कि शहर की कुछ सोसायटी में कूड़ा निस्तारण नहीं हो पा रहा है। उनका कूड़ा सड़कों के किनारे फेंका जा रहा है। ऐसी सोसायटी पर अब सख्ती की जाएगी।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि शहर की सभी सोसायटी से कूड़ा निस्तारण की जानकारी मांगी गई है। कूड़ा निस्तारण के लिए प्लांट है या नहीं यह भी इन्हें बताना होगा। इसके बाद सोसायटी का औचक निरीक्षण भी किया जाएगा। कूड़ा निस्तारण का इंतजाम नहीं होने पर एक लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो सोसायटी निगम को हैंडओवर नहीं हुई है। उनकी जानकारी के लिए जीडीए और आवास एवं विकास परिषद का पत्र लिखा है। इसके अलावा क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी कार्रवाई करने के लिए कहा गया हैं।