टैक्स वसूली में वसुंधरा जोन निकला आगे, निगम कोष में जमा किए 50 लाख

-निगम के निशाने पर बड़े बकायेदार, सरकारी विभागों में भी शुरू हुआ पत्राचार
-एक दिन में नगर निगम के पांचो जोन से हुई 85 लाख की वसूली

गाजियाबाद। नगर निगम की आय को बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त लगातार प्रयासरत दिखाई दे रहे है। शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ निगम की आय बढ़ाने की कार्यवाही भी तेजी से कर रहे है। जोनल प्रभारी टैक्स वसूली को लेकर प्रतिदिन तेजी से कार्य कर रहे हैं। जिसमें आपस में प्रतिस्पर्धा भी दिखाई दे रही है। टैक्स वसूली में वसुंधरा जोन वर्तमान में सबसे आगे है। वसुंधरा जोन द्वारा बड़े बकायेदारों को टारगेट करते हुए लगभग 50 लाख की वसूली की गई है। वसुंधरा की रफ्तार को देख अन्य जोन भी अपनी रफ्तार बढ़ा रहे है। सिटी जोन द्वारा सरकारी विभागों में पत्राचार प्रारंभ कर दिया गया है। जिससे सरकारी विभागों पर बकाया टैक्स भी जमा कराया जा सकें। गुरुवार को विशेष कार्यवाही करते हुए जोनल प्रभारी ने निगम में लगभग 85 लाख कर वसूली जमा कराई।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा ने बताया सभी जोनल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में तेजी के साथ टैक्स वसूली कर रहे है। सरकारी विभागों को भी जोनल स्तर से पत्राचार प्रारंभ कर दिया गया है। सिटी जोन की टीम श्रम विभाग से मिली, साथ ही बकाया जमा करने के लिए पत्र भी दिया। इसी क्रम में वसुंधरा जोन के अंतर्गत महागुन मॉल जिस पर एक करोड़ बकाया था, जिसमें से 40 लाख की वसूली की गई। नगर आयुक्त के निर्देश अनुसार कर वसूली और अन्य मदों से आने वाली आय को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सिटी जोन के अंतर्गत लगभग 10 लाख 59000 की वसूली हुई।

वसुंधरा जोन के अंतर्गत 50 लाख की वसूली, कवि नगर जोन के अंतर्गत 3 लाख, मोहन नगर अंतर्गत 19 लाख की वसूली हुई। विजयनगर के अंतर्गत लगभग 3 लाख की वसूली हुई। साथ ही वसूली को आगे बढ़ाने के लिए कार्य योजना बनाकर टीम काम कर रही है। उन्होंने बताया हाउस टैक्स जमा करने के लिए मार्च तक बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। हाउस टैक्स जमा नहीं करने वाले लोगों पर अब कार्यवाही की जाएगी। उनका पानी और सीवर कनेक्शन काटने के साथ संपत्ति सील करने की भी तैयारी है। जिन करदाताओं ने हाउस टैक्स जमा नहीं किया उन पर मार्च के बाद ब्याज भी लिया जाएगा।