• जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और उद्यान विभाग का संयुक्त प्रयास शहर को बनाए स्वच्छ और हरित
• नगर आयुक्त की कड़ी निगरानी में चल रहा धूल और प्रदूषण नियंत्रण अभियान
• सड़कों और गलियों से हटाया जा रहा सी एंड डी वेस्ट, ग्रीन बेल्ट में पानी की बौछार जारी
• शहरवासियों ने शुरू किया सहयोग, अपने घरों के आसपास भी पानी का छिड़काव
• मुख्य मार्गों से आंतरिक गली तक, पांचों जोन में लगातार सफाई और पानी की बौछार
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम ने शहर में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए एक व्यापक और सशक्त अभियान चलाया है, जिसका उद्देश्य नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण-मुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। नगर निगम के सभी विभागों जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और उद्यान ने मिलकर इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग बढ़ाने और समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे अभियान हर स्तर पर प्रभावी हो रहा है।
इस अभियान में जलकल विभाग ने वॉटर टैंकर और जेट्टिंग मशीन का इस्तेमाल करते हुए सुबह से रात तक सड़कों पर लगातार पानी का छिड़काव और सफाई का कार्य किया। प्रमुख मार्गों, मुख्य सड़कों और गलियों में धूल और प्रदूषण कम करने के लिए विशेष तौर पर वार्डों की आंतरिक सड़कों पर भी पानी का छिड़काव किया गया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने मल्टी एंटी स्मोक गन की सहायता से सड़कों पर पानी की बौछार कर हवा में धूल और धुएं को नियंत्रित करने का काम किया।
विभाग ने कूड़े में आग लगाने और धुआं फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए भी निर्देश जारी किए हैं। उद्यान विभाग ने शहर के ग्रीन बेल्ट और सेंट्रल वर्ज पर लगे पौधों की नियमित देखभाल करते हुए उन्हें पानी की पर्याप्त मात्रा प्रदान की, जिससे पौधों को ताजगी और जीवन शक्ति मिली। वहीं, निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से सड़कों और गलियों से सी एंड डी वेस्ट मटेरियल हटाकर साफ-सफाई और सुरक्षा सुनिश्चित की।
नगर निगम ने अभियान को शहर के प्रमुख मार्गों पर केंद्रित किया है। इसमें रोटरी गोल चक्कर से यूपी गेट, नंदग्राम होते हुए हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से मेरठ रोड, अंबेडकर रोड, मोहन नगर मेट्रो स्टेशन से यूपी गेट, हापुड़ चुंगी चौराहा से ठाकुरद्वारा ओवर ब्रिज, डायमंड कट से एनएच-24 तक और अन्य महत्वपूर्ण मार्ग शामिल हैं। कुल मिलाकर शहर के 15 मुख्य मार्गों के साथ-साथ पांचों जोन के आंतरिक मार्गों में लगातार पानी का छिड़काव और सफाई का कार्य जारी है।
नगर आयुक्त ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि गाजियाबाद के हर कोने में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और उद्यान विभाग पूरी तत्परता के साथ काम कर रहे हैं। नागरिक भी अपने घरों के आसपास पानी का छिड़काव कर अभियान में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।
इस अभियान से शहरवासियों में जागरूकता बढ़ी है। नागरिक खुले मन से नगर निगम की पहल की सराहना कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि यह संयुक्त प्रयास न केवल शहर को प्रदूषण-मुक्त बनाने में मदद करेगा, बल्कि स्वस्थ जीवन और हरित वातावरण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा।
नगर निगम की इस पहल से गाजियाबाद के लोगों को स्वच्छ हवा, साफ-सुथरी सड़कों और हरित क्षेत्रों का अनुभव मिल रहा है। नगर आयुक्त और विभागीय अधिकारी लगातार इस अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, जिससे किसी भी क्षेत्र में कोई कमी न रह सके। नगर निगम का यह अभियान न केवल प्रशासनिक पहल है, बल्कि यह नागरिकों को स्वच्छता, हरित वातावरण और जीवन गुणवत्ता के महत्व के प्रति जागरूक करने का भी माध्यम है। गाजियाबाद नगर निगम ने प्रदूषण नियंत्रण और नागरिक कल्याण के क्षेत्र में एक मजबूत और प्रभावशाली संदेश दे दिया है।

नगर आयुक्त
हमारा उद्देश्य केवल सड़कों की सफाई या पानी का छिड़काव करना नहीं है, बल्कि गाजियाबाद के नागरिकों की साँसों में ताजगी लाना है। नगर निगम के सभी विभाग जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और उद्यान मिलकर शहर में वायु गुणवत्ता सुधार अभियान को प्रभावी ढंग से चला रहे हैं। हम नियमित रूप से मुख्य मार्गों, आंतरिक गलियों और ग्रीन बेल्ट पर पानी का छिड़काव कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग कूड़े में आग और धुआं फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। हम चाहते हैं कि नागरिक भी अपने घरों के आसपास पानी का छिड़काव कर इस प्रयास में सहयोग दें। यह केवल नगर निगम का अभियान नहीं है, बल्कि पूरे शहर की जिम्मेदारी है। हमारे प्रयासों से वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा और गाजियाबाद वासियों को साफ और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। नगर निगम यह अभियान लगातार जारी रखेगा और सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं ताकि शहर को धूल और प्रदूषण मुक्त बनाया जा सके।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त

















