यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी प्रोजेक्ट बना बॉलीवुड स्टार की पसंद

-अक्षय कुमार, अजय देवगन, कंगना रनौत, बोनी कपूर सहित कई बॉलीवुड दिग्गज निवेश को उत्सुक
– सोमवार को फिल्म निमार्ता व निर्देशक बोनी कपूर के प्रतिनिधि ने सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के साथ की बैठक
– मुंबई में 27 अक्टूबर को होने वाले रोड शो में शामिल होंगे बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज
विजय मिश्रा (उदय भूमि ब्यूरो)
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण की फिल्म सिटी परियोजना में बॉलीवुड की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। बॉलीवुड के बड़े स्टार, फिल्म निर्माता और निर्देशक जेवर में स्थित फिल्म सिटी प्रोजेक्ट साइट का निरीक्षण कर चुके हैं और प्राधिकरण अधिकारियों के साथ बैठकें करके लगातार प्रोजेक्ट में निवेश को लेकर मंथन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी परियोजना को सफल बनाने और उत्तर प्रदेश में फिल्म इंडस्ट्री को स्थापित करने को लेकर यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह कड़ी मेहनत कर रहे हैं। फिल्म सिटी परियोजना इंडस्ट्री के अनुकूल हो और जल्द से जल्द बड़ी कंपनियां यहां पर आकर काम करें इसको लेकर सीईओ लगातार इंडस्ट्री के दिग्गजों से मिल रहे हैं और उनके साथ बैठकें भी कर रहे हैं। पिछले कुछ समय से जिस तरह से बॉलीवुड के दिग्गजों ने परियोजना में दिलचस्पी दिखाई है। ऐसे में इस परियोजना के जल्द परवान चढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है। फिल्म निमार्ता व निर्देशक बोनी कपूर, अजय देवगन, अक्षय कुमार, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के प्रोडक्शन हाउस ने फिल्म सिटी में निवेश करने की इच्छा जताई है। कंपनी के प्रतिनिधि साइट का निरीक्षण कर चुके हैं। सोमवार को बोनी कपूर के प्रतिनिधि प्राधिकरण के सीईओ से मिले। इसके अलावा परियोजना की सफलता के लिए प्राधिकरण 26 अक्टूबर के बाद मुंबई में रोड शो की तैयारी कर रहा है। परियोजना को लेकर निकाले गए ग्लोबल टेंडर की प्री बिड 26 अक्टूबर को है।फिल्म इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप परियोजना में कुछ आवश्यक बदलाव किये गये हैं। एक हजार एकड़ में प्रस्तावित यमुना फिल्म सिटी प्रोजेक्ट हॉलीवुड की टक्कर का बनेगा। फिल्म सिटी को तीन चरणों में विकसित किया जाएगा। पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा। पूर्व में निकाले गए ग्लोबल टेंडर में सिर्फ एक ही कंपनी आगे आई थी। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कुछ नियमों पर आपत्ति जताई थी। इस पर शासन ने सुझाव मांगे थे। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की मांग पर लाइसेंसिंग पीरियड 90 साल कर दिया गया है, जो पहले 60 साल का था। पहले मोरोटोरियस पीरियड 4 साल का था, जिसे बढाकर अब 7 साल कर दिया गया है। पहले रेवेन्यू शेयरिंग फिक्स प्रीमियम 116 करोड़ रुपये और लाभांश में हिस्सेदारी थी। अब केवल लाभांश में हिस्सेदारी है। यह कुल लाभांश का पांच प्रतिशत होगा। इसी से बिडिंग शुरू होगी। चयनित कंपनी को कम से कम 10 हजार वर्ग मीटर के भूखंड को सब लाइसेंस देने की अनुमति रहेगी। अब दोबारा से ग्लोबल टेंडर निकाला गया है,जिसकी प्री बिड 26 अक्टूबर को होगी।

प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह का कहना है कि फिल्म सिटी में निवेश को लेकर कई प्रोडक्शन हाउस सामने आए हैं। अब तक कई प्रोडक्शन हाउस के प्रतिनिधि साइट का निरीक्षण कर चुके हैं। सोमवार को बोनी कपूर के प्रोडक्शन हाउस बीएसके इंटरटेंमेंट के लाइन प्रोड्यूसर विनोद कुमार बिन्नी मिले और परियोजना के संबंध में जानकारी ली। फिल्म सिटी में निवेश की इच्छा जताई है। मुंबई में 27 अक्तूबर को रोड शो कर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को आमंत्रित कर उनके सामने प्रजेंटेशन देने की तैयारी चल रही है।
मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है फिल्म सिटी
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में विकसित होने वाली फिल्म सिटी 1,000 एकड़ जमीन पर बसाई जाएगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चाहते हैं कि यमुना फिल्म सिटी एक मुकम्मल फिल्म उद्योग का स्वरूप हासिल करे। कोई कहानीकार, निर्देशक या निर्माता केवल कहानी लेकर आए और फिल्म लेकर वापस जाए। शूटिंग, रिकॉर्डिंग, डबिंग, निर्माण, एडिटिंग, वीएफएक्स, ग्राफिक और कलर करेक्शन से लेकर मार्केटिंग और डिस्ट्रीब्यूशन तक यमुना फिल्म सिटी से होना चाहिए। मुख्यमंत्री का मानना है कि यह फिल्म सिटी उत्तर प्रदेश के टूरिज्म, कल्चर और इतिहास को नया रूप देगी। इससे ना केवल निवेश और नौकरियां मिलेंगी बल्कि उत्तर प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को भी विश्व पटल पर रखने के अवसर मिलेंगे।