यीडा के सीईओ वित्तीय प्रतिष्ठानों के एक साथ लाएंगे फिनटेक सिटी, तैयारी तेज

सेक्टर 9 में 350 एकड़ में विकसित होगी फिनटेक सिटी, इसमें पांच कंपनियों ने रुचि दिखाई है। अब इनकी तकनीकी दक्षता को जांचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी का चयन हो जाएगा। इस सिटी को विकसित करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने आरएफपी निकाला है। इसमें पांच कंपनियों ने अपने प्रस्ताव दिए हैं।

ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर के आने से जिन परियोजनाओं को गति मिल सकती है, उन्हें यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह अमलीजामा पहनाने में जुटे हैं। अब वह फिनटेक सिटी को विकसित करने की तैयारी में हैं। इसके लिए सलाहकार कंपनी को नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। इसमें पांच कंपनियों ने रुचि दिखाई है। अब इनकी तकनीकी दक्षता को जांचा जा रहा है। इसके बाद कंपनी का चयन हो जाएगा। इस सिटी को विकसित करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने आरएफपी निकाला है। इसमें पांच कंपनियों ने अपने प्रस्ताव दिए हैं। इन कंपनियों में सीबीआरई साउथ एशिया प्रालि, ट्रैसटिबल इंजीनियरिंग प्रालि, कसमैन एंड वेकफील्ड इंडिया प्रालि, वोयेंट‘स सोल्यूशन प्रालि एवं जोन्स लंग लासैले प्रापर्टी कंसलटेंट इंडिया प्रालि शामिल है।

सलाहकार कंपनी का चयन होने के बाद इस सिटी के फिजबिलिटी रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी। इस सिटी सेक्टर-9 में विकसित करने की तैयारी है। इसे 350 एकड़ में विकसित किया जाएगा। पहला चरण 100 एकड़ में विकसित किया जाएगा। फिनटेक सिटी में वित्त से जुड़ी तमाम बड़ी कंपनियों को एक जगह लाया जाएगा। वित्तीय क्षेत्र से जुड़ी यहां देश विदेश की कंपनियों को लाने की तैयारी है। इसमें डिजिटल बैंकिंग, डिजिटल ऐप-आधारित ऋण, क्राउडफंडिंग, इलेक्ट्रॉनिक भुगतान सेवा, बीमा-तकनीक आदि में स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा। इसमें एफडीआई की सुविधा मिलेंगी। सौ प्रतिशत निवेश वाली कंपनी को 75 प्रतिशत लैंड सब्सिडी मिलेगी।

सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट के लिए जल्द तय होगी कंपनी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी को जमीन पर उतारने के लिए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह लगे हुए हैं। इसके विकास के लिए कंपनी का चयन इस माह के अंत तक होने की उम्मीद है। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी विकसित करने के लिए चार कंपनियों ने टेंडर डाले हैं। इन कंपनियों में सुपरसोनिक टेक्नोबिल्ड प्रालि, बेव्यू प्रोजेक्ट‘स, सुपर कैसेट‘स इंडस्ट्रीज प्रालि और लायंस फिल्म्स प्रालि शामिल हैं। इनका तकनीकी परीक्षण पूरा हो गया है। अब कंपनियां 27 जनवरी को अपना प्रजेंटेशन देंगी। यमुना प्राधिकरण में औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह इनका प्रजेंटेशन देखेंगे। इसके बाद मानकों को पूरा करने वाली कंपनियों की वित्तीय निविदा खोली जाएगी। फरवरी के पहले सप्ताह तक विकासकर्ता कंपनी का चयन होने की उम्मीद है। पहला चरण 230 एकड़ में विकसित किया जाएगा।