ब्रिज विहार और कड़कड़मॉडल सीट ओबीसी के लिए होेगी आरक्षित सूची वायरल होने के बाद हो रही चर्चा

साहिबाबाद क्षेत्र स्थित ब्रिज विहार और कड़कड़मॉडल वार्ड में इस बार ओबीसी श्रेणी से पार्षद पद के लिए लोग चुनाव लड़ पाएंगे। वर्तमान में ब्रजविहार सामान्य महिला और कड़कड़ मॉडल सामन्य वर्ग में था। इस बार इस दोनों वार्ड में ओबीसी दावेदारी चुनावी मैदान में किस्मत अजमा सकेंगे। दरअसल मंगलवार को गाजियाबाद नगर निगम के वार्डों के आरक्षण से संबंधित सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई।

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र स्थित ब्रिज विहार और कड़कड़मॉडल वार्ड में इस बार ओबीसी श्रेणी से पार्षद पद के लिए लोग चुनाव लड़ पाएंगे। वर्तमान में ब्रजविहार सामान्य महिला और कड़कड़ मॉडल सामन्य वर्ग में था। इस बार इस दोनों वार्ड में ओबीसी दावेदारी चुनावी मैदान में किस्मत अजमा सकेंगे। दरअसल मंगलवार को गाजियाबाद नगर निगम के वार्डों के आरक्षण से संबंधित सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई। वार्ड आरक्षण की सूची को लेकर उदय भूमि द्वारा निगम और प्रशासनिक अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने वायरल सूची की पुष्टि नहीं की है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि आरक्षण की सूची सही है लेकिन अभी इसे शासन को नहीं भेजा गया है। वार्डों के आरक्षण लिस्ट वायरल होने के कारण संभव है कि इस सूची में कुछ फेरबदल हो जाये। लेकिन सूची में जिस तरह का ब्यौरा है उसे पूरी तरह से ­ाूठलाया भी नहीं जा सकता। हालांकि उदय भूमि वायरल आरक्षण सूची की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन यदि यह सूची सही है तो निगम के कई पार्षदों का इस बार चुनाव में पत्ता कटना तय है। आरक्षण की वायरल सूची के मुताबिक नगर निगम के 100 में से 87 वार्डों में परिस्थितयां बदल सकती है। सूची सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्षदी का चुनाव लड़ने को इच्छुक कई नेताओं में हड़कंप मच गया।

नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौैड़ ने सूची को नकारा
वार्डों के आरक्षण से संबंधित वायरल सूची को लेकर नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ से बात की गई तो उन्होंने इसे नकारा। डॉ. गौड़ ने कहा कि वार्डों के आरक्षण की सूची अभी जिलाधिकारी को नहीं सौंपी गई है। आरक्षण की सूची शासन को भेजी जाएगी। ऐसे में कौन सी सूची वायरल हो रही है और कौन कर रहा है यह उनकी जानकारी में नहीं है। शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार वार्डों में आरक्षण लागू होगी और जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी की मुहर के बाद अगले दो दिन बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। उधर, जिला प्रशासन द्वारा वार्डों के आरक्षण सूची के अधिकारिक रूप से जारी होने तक सभी को इंतजार करने की सलाह दी जा रही है।

वायरल सूची ने उड़ाई नेताओं की नींद
सोशल मीडिया में जो लिस्ट वायरल हो रही है अनुमानित रूप से उसे वास्तविक सूची के काफी करीब माना जा रहा है। ऐसे में इसी सूची के वायरल होने के बाद से पार्षदी का चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों और उनके पैरोकारों की नींद उड़ी हुई है। पार्षदी का सपना देख रहे दावेदार अपने-अपने स्तर से सूची की पुष्टि करने में लगे हैं। सभी राजनीतिक दल नगर निगम की आरक्षण सूची पर नजरें टिकाए बैठे हैं। चूंकि आरक्षण की सूची का प्रस्ताव नगर निगम से ही शासन को भेजा जाएगा। चार दिन पूर्व मेयर आशा शर्मा और भाजपा विधायक नगर आयुक्त से मिलने गये थे। राजनीतिक पैठ रखने वाले अपने-अपने स्तर से आरक्षण को लेकर कई जगह जुगाड़ लगा रहे हैं। ऐसे में आशंका यह भी जताई जा रही है कि कहीं नगर निगम द्वारा तैयार की गई आरक्षण के प्रस्ताव की सूची को ही तो कहीं से लीक नहीं कर दिया गया। अगर यह लीक की गई सूची ही है तो फिर गाजियाबाद के 87 वार्डों का आरक्षण स्वरूप बदलना तय है। कई धुरंधर इस बार नगर निगम चुनाव में पार्षद की दावेदारी से आउट हो जाएंगे।

देखें सोशल मीडिया पर वायरल लिस्ट ….

निकाय चुनाव में बढ़ गए 1.85 लाख मतदाता
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जिले में मतदाताओं के नाम सूची में बढ़ाने, घटाने और संशोधित करने का जिला प्रशासन द्वारा कार्य तेजी से कराया जा रहा हैं। सोमवार को जहां मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया गया। वहीं,आगामी 7 नवंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने का मौका है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए 7 नवंबर तक मौका दिया जाएगा। सूची के ड्राफ्ट के प्रकाशन के बाद सामने आया है कि निकाय चुनाव में इस बार 1,84, 277 मतदाता बढ़े हैं। जिन मतदाताओं का नाम अभी भी मतदाता सूची में नही जुड़ा है, वो एक से सात नवंबर के बीच फार्म भरकर आवेदन कर सकते हैं।

नगर निगम में 96 हजार मतदाता बढ़े
मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने के बाद नगर निगम में 96,965, नगर पालिका परिषद मोदीनगर में 11,161 मतदाता, नगर पालिका परिषद मुरादनगर में 11,493 मतदाता, नगर पालिका परिषद लोनी में 46,348, नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर में 8,802, नगर पंचायत निवाड़ी में 875, नगर पंचायत पतला में 290, नगर पंचायत फरीदनगर में 2,149 और नगर पंचायत डासना में 5,764 मतदाता बढ़े हैं।

मतदान के लिए 2,274 मतदेय स्थल बनेंगे
एडीएम प्रशासन ऋतु सुहास का कहना है कि नगर निगम समेत निकाय चुनाव में इस बार मतदान के लिए 2,274 मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इनमें नगर निगम क्षेत्र में 1186, मोदीनगर में 199, मुरादनगर में 104, लोनी में 546, खोड़ा मकनपुर में 173, निवाड़ी में 10, पतला में 10, फरीदनगर में 12, डासना में 34 मतदेय स्थलों पर मतदान होगा। एडीएम प्रशासन का कहना है कि निकाय चुनाव के लिए मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन कर दिया गया है। मतदाता 7 नवंबर तक अपना नाम आॅफलाइन के माध्यम से और चार नवंबर तक आॅनलाइन माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। 18 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।