सुधरेगी शहर की आवोहवा, नगर निगम खर्च करेगा 15 करोड़ रुपए

गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर की आवोहवा में सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने गंभीरता दिखााई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार लाने के लिए 15 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है। नगर निगम सभागार में शुक्रवार को आयोजित 15वें वित्त आयोग की बैठक में शुक्रवार को इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक मेयर आशा शर्मा की अध्यक्षता एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की मौजूदगी में संपन्न कराई गई। बैठक में मेयर आशा शर्मा ने बताया कि गाजियाबाद शहर के एयर क्वालिटी इंडेक्स (वायु गुणवत्ता सूचकांक) में सुधार लाने को 15वें वित्त आयोग के फंड से नगर निगम 15 करोड़ रुपए खर्च करेगा।

इससे शहर की आवोहवा में बड़ा सुधार आ सकेगा। बैठक में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के फंड से उत्तराचंल एवं पूर्वांचल भवन निर्माण के कार्य में अब तेजी आएगी। बैठक में उत्तराचंल एवं पूर्वांचल भवन के लिए संभावित बजट भी स्वीकृत किया गया। 2 करोड़ 17 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया। वहीं,शहर में मियावाकी पद्धति से संघन स्तर पर पौधे एक ही स्थल पर लगाए जाएंगे। बैठक में 14वें वित्त एवं 15वें वित्त आयोग के पुराने कार्यों की समीक्षा के साथ साथ 15 करोड़ के नवीन प्रस्ताव 15वें वित्त से पास किए गए। इसमें शहर की हवा को साफ करने के लिए कार्य किया जाएगा। वर्ष-2018-19 व 2020-21 में 14वें वित्त एवं 15वें वित्त के कार्यों की समीक्षा की गई। इसमें लगभग 205 करोड़ के कार्यों पास हुए थे। इसमें 85 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। जबकि शहर में कराए जाने वाले अन्य कार्यों के टेंडर जारी किए गए हैं।

एडीएम सिटी बिपिन कुमार, जीडीए के चीफ इंजीनियर राकेश कुमार गुप्ता, जल निगम के अधिशासी अभियंता आकाश त्यागी, अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, चीफ इंजीनियर निगम एनके चौधरी, लेखाधिकारी राजेश गौतम, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ.अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता देश राज सिंह, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, जलकल के अधिशासी अभियंता योगेंद्र यादव, कविनगर जोनल प्रभारी आशुतोष गुप्ता आदि की मौजूदगी में बैठक हुई।