कांवड़ियों की भीड़ बढ़ी, अभी से उजागर होने लगीं सरकारी खामियां

डीएम के दावों के बावजूद शिवभक्तों की राह में मुश्किलों की कमी नहीं

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल अभी से खुलने लगी है। पुलिस-प्रशासन की कमियां उजागर होने लगी हैं। इससे कांवड़ यात्रा में अवरोध उत्पन्न होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर की गई तैयारियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। उधर, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे संचालित रखने के निर्देश दि हैं। हरिद्वार से कांवडिय़ों के लौटने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

इसके चलते दिल्ली-मेरठ हाईवे पर कांवड़ियों में संख्या में दिन-प्रतिदिन वृद्धि हो रही है। इस बीच प्रशासनिक कमियां भी सामने आने लगी हैं। कांवड़ मार्ग गंगनहर पटरी पर अब तक झाडिय़ों की कटाई व पेड़ों की छंटनी तक नहीं की गई है। डीएम राकेश कुमार सिंह के दावों के बावजूद विभिन्न विभागों की उदासीनता दूर नहीं हो सकी है। कांवडिय़ों की राह में ढेरों खामियां नजर आ रही हैं। पाइप लाइन मार्ग पर कांवडिय़ों की कतारें नहीं टूट रही हैं। शिवभक्त जख्मी पैरों से बम भोले की जयकारा के साथ शिवालयों की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं।

कांवड़ यात्रा को देखकर एनसीआरटीसी ने हाईवे पर कई कट को बंद कर दिया है। मुरादनगर में हाईवे पर ओम सन पब्लिक स्कूल के सामने कट को बैरिकेड लगाकर बंद किया गया है। मोदीनगर में भी कई कट को बंद करने की तैयारी चल रही है। कांवड़ियों की संख्या मंगलवार से हाईवे पर भी बढ़ गई। मेरठ की सीमा में मुजफ्फरनगर की सीमा से पचास हजार से ज्यादा कांवडि़एं प्रवेश कर गए। वह मंगलवार की दोपहर तक मोदीनगर की सीमा में पहुंच गए। इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। गंग नहर पटरी मार्ग पर तीन दिन पहले वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी।

हाईवे पर भी भारी वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। मुजफ्फरनगर में तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से कांवड़ियों की मौत होने तथा मोदीनगर में कांवड़ लेने निकले श्रद्धालु की सड़क हादसे में मौत होने की घटना को भी अधिकारी गंभीरता से ले रहे हैं। एसडीएम शुभांगी शुक्ला का कहना है कि प्रशासनिक शिविर राज चौपला के पास शुरू हो गया है। मुरादनगर गंग नहर पर भी कंट्रोल रूम बनाया गया है। गंग नहर घाट के आस-पास पीएसी के अलावा एनडीआरफ भी तैनात कर दी गई है। वहीं, पाइप लाइन मार्ग पर कंक्रीट होने से कांवडिय़ां जख्मी हो रहे थे। इसे देखकर जगह-जगह गड्ढों को बारीक मिट्टी से भरवाया गया है। डीएम का कहना है कि कांवडिय़ो को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी। वहीं, सिद्वपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर को जाने वाले मार्ग पर भी बैरिकेडिंग नगर निगम द्वारा की गई है। बल्लियों को लगाकर रोड के एक साइड में कांवडिय़ों के लिए व्यवस्था की गई है।

कंट्रोल रूम का डीएम व नगरायुक्त ने जायजा लिया
नगर निगम द्वारा मेरठ रोड तिराहा पर चौ. चरण सिंह पार्क में कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम का मंगलवार शाम को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम सिटी बिपिन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी आदि मौजूद रहे। डीएम ने कहा कि कंट्रोल रूम सुचारू रूप से 24 घंटे संचालित किया जाए। नगरायुक्त ने डीएम को कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। इसके अलावा कांवड़ रूट पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। इसमें मोबाइल टॉयलेट, मार्ग की साफ-सफाई, मंदिरों के आस-पास सफाई, कांवड़ मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था, पानी का छिड़काव आदि व्यवस्थाओं के बारे में बताया गया।