दशहरा पर्व: नगर निगम ने निकाली प्लास्टिक रूपी दानव रैली

 प्लास्टिक बहिष्कार के लिए रैली निकाल जन-जन को किया जागरुक

गाजियाबाद। नगर निगम टीम द्वारा दशहरा पर्व के अवसर पर जहां शहर में सफाई व्यवस्था को बनाए रखा। वहीं दूसरी ओर प्लास्टिक रूपी दानव की रैली निकाली गई। जहां रामलीला में रावण के रूप में बुराई का अंत किया जा रहा है। वही गाजियाबाद नगर निगम द्वारा जन-जन को जागरूक किया गया कि वह सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करें। मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त डॉ निनि गौड़ के निर्देशानुसार स्वास्थ्य विभाग प्रभारी डॉ मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में दशहरे के अवसर पर मोहन नगर जोन के वार्ड-75 लाजपत नगर प्रथम में एसबीएम टीम द्वारा रावण दहन के मौके पर रामलीला मैदान से मार्केट एरिया में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन को लेकर प्लास्टिक रूपी दानव के साथ जागरूकता रैली निकाली गई।

जिसमे मार्केट एरिया और रामलीला मैदान में रेहड़ी पटरी वालो को प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले प्रभावों को विस्तार पूर्वक समझाया गया और इस दशहरा रावण दहन के साथ अपने गाजियाबाद से प्लास्टिक रूपी दानव के दहन के लिए प्रेरित किया। साथ ही सभी को बताया गया कि जिस प्रकार बुराई पर अच्छाई की जीत के लिये यह त्योहार मनाया जाता है। उसी प्रकार हम सब यह प्रण ले कि हम सब मिलकर प्लास्टिक रूपी दानव को भी खत्म करेंगे।

डॉ मिथलेश कुमार ने कहा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक ही विजयदशमी का पर्व है। भगवान राम ने विजय दशमी के दिन रावण का वध किया था। उसी तरह पर्यावरण तथा मानव जीवन के कल्याण के लिए प्लास्टिक मुक्त शहर होना बेहद जरुरी है। प्लास्टिक मानव जीवन में जहर घोलने का कार्य कर रहा है। वैश्विक स्तर पर आज हमारी धरती पर कई ऐसे पदार्थों की मौजूदगी हो गई है। जिससे प्रदूषण की समस्या बढ़ती जा रही है। ऐसे ही पदार्थों में से एक पदार्थ प्लास्टिक है। उन्होंने बताया यह एक ऐसा पदार्थ है, जो उपयोग करने में बहुत ही आसान है। एक बार उपयोग में लाने के बाद इसे फेंक दिया जाता है। इसीलिए ये बहुत ही सस्ते भी होते हैं। मेयर और नगर आयुक्त ने दशहरे पर जहां रावण के रूप में बुराई का अंत किया जाता है, वही शहर वासियों से अपील की गई कि सिंगल यूज प्लास्टिक का अंत करें और शहर को स्वच्छ तथा वातावरण को प्रदूषित होने से बचाएं।