– विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें सरगर्मी से कर रही तस्करों की तलाश
गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमों द्वारा लगातार दबिश एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ताकि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जा सके। विभाग द्वारा रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाकर भट्टी नष्ट करने के साथ ही शराब तस्करों के संबधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अवैध शराब का कारोबार करने वालों को सख्त चेतावनी दी है। अभियान के दौरान कच्ची शराब बनाते व बेचते हुए कोई पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभाग ने विशेष टीमें भी गठित की गई है।

रविवार को भले ही सरकारी अवकाश हो, लेकिन आबकारी विभाग की टीम को अवकाश से कोई मतलब नहीं है, उनका सिर्फ एक ही उद्देश्य है अवैध शराब के कारोबार को जड़ से खत्म करना और अवैध शराब से जुड़े लोगों को उनकी सही जगह पहुंचाना है। इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक आबकारी अखिलेश बिहारी वर्मा, आशीष पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, अनुज वर्मा, अभय दीप सिंह, त्रिभुवन सिंह हंयाकी की टीमों द्वारा द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जिले में वाहनों की चेकिंग एवं शराब तस्करों के संबंधित ठिकानों पर दबिश दी गई।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि आबकारी निरीक्षक अभय दीप सिंह की टीम द्वारा रविवार को थाना- सिहानी गेट क्षेत्र स्थित, मेरठ रोड स्थित इन्डस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कंपनियों में रखे ड्रमों की जांच की गई। जहां किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर साहिबाबाद में ट्रांसपोर्टरों के गोदाम, मेरठ रोड इंडस्ट्रियल एरिया, बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया में बंद पड़ी फैक्ट्रियों, प्लास्टिक का सामान निर्माता फैक्ट्रियों के अलावा संदिग्ध स्थानों का भी सघन निरीक्षण किया गया। साथ ही कुछ औद्योगिक क्षेत्रों में बंद पड़ी फैक्ट्रियों में सघन छापेमारी की। इस दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। कार्रवाई के उपरांत विभागीय अधिकारियों ने ट्रांसपोर्टरों एवं उद्यमियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उनसे यह भी अपील की गई कि यदि अवैध शराब निर्माण से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना विभाग को दें।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जनपद में अवैध शराब का निर्माण, बिक्री एवं परिवहन रोकने के लिए किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जा रही है। सभी आबकारी निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध रूप से शराब के गोरखधंधे को खत्म करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके लिए प्रचार-प्रसार के लिए चौकीदारों और पम्पलेट गांवों में चस्पा किए जा रहे है। कार्रवाई शुरू करने से लेकर अंजाम देने तक सूचना देने वाले का नंबर गुप्त रखा जाएगा।















