-जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अनाधिकृत निर्माण पर जीडीए ने कसा शिकंजा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ अपनी सख्त नीति को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को नूरनगर गांव में बड़ी कार्रवाई की। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह अभियान प्रवर्तन जोन-1 की टीम द्वारा चलाया गया। कार्रवाई में राजनगर एक्सटेंशन के पास ग्राम नूरनगर के खसरा संख्या-835 पर लगभग 30 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। जोन-1 के प्रभारी अधिशासी अभियंता के निर्देशन में सहायक अभियंता, अवर अभियंता सीपी शर्मा, अवर अभियंता महेंद्र कुमार और जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। मौके पर अवैध प्लॉटिंग, मिट्टी भराव, बाउंड्रीवॉल और निर्माणाधीन कमरे ध्वस्त किए गए।
इस दौरान कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन पुलिस बल की सख्ती के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा। प्रवर्तन टीम ने बुलडोजर चलाकर निर्माण को जमींदोज कर दिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी कि बिना जीडीए की अनुमति कोई भी निर्माण पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यदि ऐसा कोई निर्माण पाया गया तो उसे तत्काल ध्वस्त कर दिया जाएगा। जोन-1 के प्रवर्तन अधिकारियों ने कहा कि आगे भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले अधिकृत मानचित्र अवश्य स्वीकृत कराएं, अन्यथा विधिसम्मत कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
















