डीएम ने डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के दिए निर्देश
गाजियाबाद। जनपद में डेंगू एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ने जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने पर जोर दिया है। साथ मरीजों को अस्पताल में समय रहते इलाज मुहैया कराने की व्यवस्था पर भी बल दिया है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. भवतोष शंखधर को दिशा-निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर की जाएं। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देश के तहत कार्य किए जाएं।
इसके अलावा जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने की कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आयुष्मान भारत अभियान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन आदि कार्यक्रमों का बेहतर तरीके से संचालन करा इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सिंह ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के तहत सभी लाभार्थियों की फीडिंग कर शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए। गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर टीकाकरण व नियमित चेकअप किए जाए। कोई भी गर्भवती महिला एवं बच्चा नियमित टीकाकरण से ना छूटे।
उन्होंने निर्देश दिए कि उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं गर्भवती पंजीकरण, बच्चों का टीकाकरण का आरसीएच पोर्टल पर शत प्रतिशत पंजीकरण किया जाए। ब्लॉक क्षेत्र में चिकित्साधिकारी नियमित टीकाकरण में तेजी लाए। इसके लिए सीएमओ प्रत्येक सप्ताह समीक्षा करें। जिलाधिकारी ने जिले में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के साथ डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए कराए जा रहे सर्वे के बाद मरीजों को तत्काल इलाज की सुविधा कराने के निर्देश दिए गए है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएमओ को निर्देश दिए कि रोजाना टीकाकरण कराने के लिए निर्धारित लक्ष्य तय करते हुए टीकाकरण कराया जाए। डेंगू नियंत्रण एवं उसके बचाव तथा अन्य बीमारियों के लक्षणयुक्त व्यक्तियों को चिन्हित करने के बाद अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया जाए।
















