अत्याधुनिक व प्रतिस्पर्धा के युग में टेक्नोलॉजी के प्रयोग से बेहतरीन उत्पाद तैयार करने की है जरुरत: नीरज सिंघल

आईआईए द्वारा एक से तीन दिसंबर को लखनऊ में होगा इंडिया फूड एक्सपो का आयोजन
पहली बार इण्डिया फूड एक्सपो में वियतनाम बना कन्ट्री पार्टनर
इण्डिया फूड एक्सपो का 9वाँ संस्करण में देश भर की 70 नामी कंपनियां करेंगी एक्सपो में प्रदर्शन

गाजियाबाद। इण्डियन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की तरफ से लखनऊ में लखनऊ में इंडियन फूड एक्सपो का आयोजन किया जाएगा। एक से तीन दिसंबर तक लखनऊ में फूड एक्सपो का आयोजन किया गया है। इसमें बड़े उद्यमी शिरकत करेंगे। एक्सपो में देश विदेश के खाद्य प्रसंस्करण से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। जो उद्यमियों की हर समस्या का समाधान करेंगे। इसमें खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी मशीनें प्रदर्शित की जाएंगी।
गुरुवार को संजय नगर स्थित होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज सिंघल ने बताया आईआईए द्वारा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से संबंधित 1 से 3 दिसंबर तक इण्डिया फूड एक्सपो-2023 का आयोजन आईआईए भवन के प्रांगण विभूतिखण्ड, गोमती नगर लखनऊ में किया जाएगा। वर्ष 2004 से आईआईए इस एक्सपो का आयोजन करता आ रहा है और इस वर्ष एक्सपो का यह 9वां संस्करण है। एक्सपो का उद्घाटन उद्योग मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता (नन्दी) द्वारा 1 दिसम्बर को किया जाएगा। इस वर्ष पहली बार 5 देशों चीन, वियतनाम, यूगोंडा, उज्बेकिस्तान एवं रूओंडा द्वारा इंडिया फूड एक्सपो में खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों से संबंधित स्टाल लगाए जाएंगे। जिसमें से वियतनाम इण्डिया फूड एक्सपो के लिए कन्ट्री पार्टनर भी है।

इसके अतिरिक्त देश भर की लगभग 70 नामी गिरामी कंपनियां अपने उत्पादों, मशीनरी तथा टेक्नोलॉजी का एक्सपो में प्रदर्शन करेंगी। पहली बार इण्डिया फूड एक्सपो में भावी उद्यमियों के लिए फ्रेंचाइजी बिजनेस प्राप्त करने के लिए विशेष सुविधा एवं जानकारियों का भी प्रबंध किया गया है। उन्होंने बताया इण्डिया फूड एक्सपो प्रदर्शनी 1 से 3 दिसंबर प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से सायं 7 बजे तक खुली रहेगी। जिसके लिए विजिटर का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। यद्यपि एक्सपो की वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लूए डॉट इंडियाफूडएक्सपो डॉट इन पर यदि पूर्व में पंजीकरण कर ले तो प्रवेश में कम समय लगेगा। एक्समा के दौरान प्रदर्शनी स्थल पर ही 2 दिसंबर को फूड प्रोसेसिंग इण्डस्ट्री पर राष्ट्रीय सेमीनार का भी आयोजन होंगे। जिसमें देश के जाने माने विशेषज्ञ खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने, खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए मशीनरी/उपकरण अन्य समान आयात करने, खाद्य प्रसंस्करण उत्पादों के निर्यात तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के लिए फ्रेंचाइजी लेने एवं देने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियों उपलब्ध कराएगे। यह सेमीनार 2 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। सेमीनार के लिए पूर्व में पंजीकरण इण्डिया फूड एक्सपो की वेबसाइट डब्लूडब्लूडब्लू डॉट इंडियाफूडएक्सपो डॉट इन पर करना अनिवार्य है। सेमीनार में सीमित सीटों के लिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण प्रारंभ है।

चैप्टर चेयरमैन राकेश अनेजा ने कहा यह एक्सपो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी बनाने के संकल्प को परिपूर्ण करने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा। इंडियन फूड एक्सपो खाद्य प्रसंस्करण उद्योग जगत में आने की चाह रखने वाले नए उधमी व पहले से जो लोग इस क्षेत्र में है दोनो के लिए समान रूप से लाभकारी हैं। यहां एक ही छत के नीचे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़ी हुई समस्त जानकारियां एवं जरूरतों को प्राप्त किया जा सकता है। आज के अत्याधुनिक व प्रतिस्पर्धा के युग में हमें जरूरत है अत्याधुनिक टेक्नॉलोजी के प्रयोग से बेहतरीन उत्पाद तैयार करने की।

इण्डिया फूड एक्सपो के 1 दिसंबर को उद्घाटन के पहले 30 नवंबर को आईआईए द्वारा इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एमएसएमई उद्यमी महासम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें इंडिया फूड एक्सपो में आने वाले एक्जीबिटर विजिटर आमंत्रित है। प्रेस वार्ता के दौरान चैप्टर चेयरमैन राकेश अनेजा, सचिव संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय गर्ग के अलावा विभिन्न पदाधिकारी जेपी कौशिक, एस.के. शर्मा, मनोज कुमार, प्रदीप गुप्ता, अमित नागलिया, शशांक शेखर गुप्ता, अनिल कपूर, यश जुनेजा, संजय बंसल, साकेत अग्रवाल, सीएस स्वरूप, प्रमोद जॉन, हर्ष अग्रवाल, अमित बंसल, संदीप गुप्ता, अमरिक सिंह इत्यादि उपस्थित रहे।