गाजियाबाद। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को इंदिरापुरम में बिल्डर के आवास पर छापा मारा। इससे एकाएक हड़कंप मच गया। बिल्डर मंगलवार की शाम विदेश से गाजियाबाद लौटे थे। छापेमारी के दौरान बिल्डर आवास में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। आयकर विभाग की यह कार्रवाई पैसों के लेन-देन के मामले को लेकर हुई है। इंदिरापुरम थानांतर्गत अभय खंड में आईआरएस सोसाइटी है। इस सोसाइटी में बिल्डर चंद्रजीत पाठक का आवास है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं। कुछ दिन पहले वह विदेश गए थे।
विदेश से मंगलवार की शाम वह घर लौटे थे। बुधवार की सुबह करीब 10 बजे आयकर विभाग की टीम ने चंद्रजीत पाठक के आवास पर छापामार कार्रवाई की। आयकर विभाग की टीम ने बिल्डर पाठक के परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की। ऐसे में घर से बाहर किसी को नहीं निकलने दिया गया। काम के सिलसिले में आई घरेलू सहायिका को भी वापस कर दिया गया। आयकर विभाग के छापे के बाद परिवार के सदस्य खाना नहीं बना सके।
घरेलू सहायिका को भी अंदर नहीं आने दिया गया। ऐसे में आॅनलाइन खाना आर्डर किया गया। करीब 10 सदस्यों का खाना मंगवाया गया। बिल्डर चंद्रजीत पाठक के घर में 6 सदस्य रहते हैं। सूत्रों का कहना है कि आईटी विभाग ने पैसों के लेन-देने के मामले में छापामार कार्रवाई की है। उधर, आयकर विभाग की रेड के बाद आईआरएस सोसाइटी में खलबली मच गई। जांच के दरम्यान स्थानीय पुलिस को भी बिल्डर के घर में जाने की इजाजत नहीं दी गई।
















