केडीबी स्कूल में लिंग्विस्टिका कार्यक्रम का आयोजन

सुरक्षित पर्यावरण की ओर बढाया एक कदम

गाजियाबाद। कविनगर स्थित केडीबी स्कूल के सभागार में मंगलवार को अंग्रेजी विभाग द्वारा लिंग्विस्टिका कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य भाषाई विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की कड़ी को मजबूत करते हुए वन्यजीवों को सुरक्षा प्रदान करना था। अपने इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए कक्षा छठी से लेकर 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने अनेक साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने लक्ष्य को साकार रूप प्रदान करने का एक सफल प्रयास किया। लिंग्विस्टिका मंच ने सभागार में उपस्थित सभी को यह सोचने के लिए विवश कर दिया कि मानव के मित्र कहे जाने वाले इन वन्य जीव जंतुओं को अगर हमने सुरक्षा प्रदान नहीं की तो हम स्वयं अपने जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। इस कार्यक्रम में प्राकृतिक सामंजस्य की अवधारणा को पुनर्जीवित करने के लिए सर रामास्वामी कृष्णमूर्ति कल्कि की सुप्रसिद्ध कहानी द टाइगर किंग को आधार बनाया।


कक्षा छठी सातवीं और आठवीं के ऊर्जावान छात्रों ने कविता पाठ कहानी वाचन व पोस्टर प्रदर्शन के द्वारा दर्शकों को बांधे रखा। कक्षा नौवीं व 11वीं के छात्रों ने नाट्य मंचन व विज्ञापनों के माध्यम से कार्यक्रम को सरसता व रोचकता प्रदान करते हुए दर्शकों के मस्तिष्क पर यह गहरी छाप छोड़ दी। गंभीर समस्या का समाधान सिर्फ शांत मस्तिष्क ही कर सकता है। तो दूसरी ओर कक्षा 12वीं के छात्र- छात्राओं ने ग्रेटा थनबर्ग, अल गोर, लियोनार्डो डिकैप्रियो और कई अन्य सुप्रसिद्ध हस्तियों के भाषणों को प्रस्तुत कर उनके व्यक्तित्व को जीवंत करने का प्रयास किया।
विद्यालय प्रधानाचार्या निवेदिता राणा ने संपूर्ण कार्यक्रम का आनंद लेते हुए छात्र-छात्राओं को श्रेष्ठतम प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने अपने भाषण में कार्यक्रम की विषय वस्तु तथा उसके मंचन की प्रशंसा करते हुए बच्चों में यह विश्वास जगाया कि इस प्रकार के कार्यक्रम व्यक्तित्व निर्माण में हैं। उनके ये प्रोत्साहित शब्द सभी के लिए अद्वितीय पुरस्कार से कम नहीं थे। उप प्रधानाचार्या श्रीमती नम्रता दुबे ने पूरी लिंग्विस्टिका टीम को धन्यवाद देते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं के छात्र छात्राओं द्वारा किया गया।