जन सहभागिता के लिए नगर निगम चला रहा जागरूकता अभियान लोगों के घर-घर जाकर गार्बेज सेग्रीगेशन और कंपोस्टिंग के बारे में दी जा रही है जानकारी

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा जन सहभागिता बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशन में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लोगों के घर-घर जाकर उन्हें एट सोर्स सेग्रीगेशन और कपोस्टिंग के बारे में जानकारी दे रहे हैं। लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि वह इसे अपनाएं इसमें उनका भी फायदा है। जो लोग पहले से इस कार्य को कर रहे हैं उनके कार्यों की सराहना की जा रही है।

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। आम नागरिगक भी अब गाजियाबाद की सफाई व्यवस्था में अपना योगदान देंगे। जन सहभागिता के बिना क्लीन गाजियाबाद और ग्रीन गाजियाबाद के लक्ष्य को हासिल नहीं किया जा सकता। यदि लोग अपने घरों में गार्बेज सेग्रीगेशन (एट सोर्स सेग्रीगेशन) को अपना लें तो शहर से निकलने वाले कूड़े में 30 से 40 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। गीले कूड़े से कंपोस्ट (खाद) तैयार किया जा सकता है जिसका उपयोग किचन गार्डेनिंग और उद्यानिक कार्यों में किया जा सकता है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा जन सहभागिता बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। नगर आयुक्त के निर्देशन में निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लोगों के घर-घर जाकर उन्हें एट सोर्स सेग्रीगेशन और कपोस्टिंग के बारे में जानकारी दे रहे हैं। लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि वह इसे अपनाएं इसमें उनका भी फायदा है। जो लोग पहले से इस कार्य को कर रहे हैं उनके कार्यों की सराहना की जा रही है। नगर निगम की मुहिम का असर भी दिखाई दे रहा है। पटेल नगर, शास्त्री नगर, लोहिया नगर, चिरंजीव विहार, वैशाली, वसुंधरा, राजेंद्र नगर, मॉडल टाउन, राजनगर, कवि नगर जैसे क्षेत्र में होम कंपोस्टिंग मुहिम का तेज असर हुआ है और यहां लोग इसमें काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।


नगर स्वास्थ अधिकारी डॉ. मिथलेश ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देशानुसार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम की टीम लोगों के घर में जाकर उन्हें बताती है कि गीले कचरे जैसे की घर का किचन का कचरा, जिसमें सब्जियों के छिलके, फलों के छिलके, सड़े हुए सब्जी या फल एवं अन्य प्रकार के हरित कचरा इसका इस्तेमाल करते हुए किस प्रकार घर पर आर्गेनिक खाद तैयार किया जा सकता है। इससे घर पर कचरे का निस्तारण होने के साथ ही किचन गार्डेनिंग के जरिये घर के बगीचे, गार्डन, ट्री गार्डन, बालकनी आदि क्षेत्र को भी सुसज्जित किया जा सकता है।

नगर स्वास्थ अधिकारी ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम की इस मुहिम में कई सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही हैं। जागरूक शहरी रमा त्यागी जो कि मॉडल टाउन में रहती हैं इनके द्वारा कई वर्षों से अपने घर के अलावा अपने आसपास के निवासियों को भी होम कंपोस्टिंग के लिए जागरूक किया जाता है, लोहिया नगर के जयंत आनंद के द्वारा भी होम कंपोस्टिंग से अपने घरों की गार्डन को सुसज्जित किया हुआ है, न्यू आर्य नगर निवासी उषा ने वेस्ट सामान से अपने गार्डन को सजाया हुआ है, वार्ड 54 निवासी सुमित्रा द्वारा भी क्षेत्र वासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस तरह के काम में लगे लोगों को नगर निगम द्वारा जागरूक शहरी के नाम से सम्मानित किया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि जिस मुहिम में आम लोगों की भागीदारी होती है वह जरूर सफल होता है। शहर के लोगों को समझना होगा कि गाजियाबाद को क्लीन और ग्रीन बनाने में सभी को अपना योगदान देना होगा।