बकाया टैक्स न चुकाने पर बड़े प्रतिष्ठानों को सील करेगा नगर निगम

वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर, कर वसूली की तैयारियां तेज

गाजियाबाद। शहर में बड़े बकाएदारों पर नगर निगम शिकंजा कसने की तैयारी में है। नगरायुक्त के निर्देश पर कर विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत कई बड़े प्रतिष्ठानों पर सील लगाई जा सकती है। चालू वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। ऐसे में नगर निगम कर विभाग ने पांचों जोन में कर वसूली की रफ्तार को तेज कर दिया है। बड़े संपत्ति करदाताओं को टैक्स जमा करने के लिए सुनहरा अवसर भी प्रदान किया गया है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा के मुताबिक नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर कर दाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर अवकाश के दिनों में भी जोनल कार्यालयों को खोला गया है ताकि अधिक से अधिक संपत्ति कर की वसूली की जा सके। बड़े संपत्ति करदाताओं को विशेष रूप से टारगेट किया जाएगा ताकि कर वसूली कर विभाग की आय में बढ़ोतरी की जा सके। जरूरत पड़ने पर प्रतिष्ठानों पर सील की कार्यवाही भी की जाएगी। कई स्थानों पर जोनल प्रभारियों द्वारा सील की कार्यवाही की गई है।

कर वसूली उपरांत प्रतिष्ठानों की सील हटा दी जाएगी। संपत्ति कर बकायेदारों को नगर निगम ने सुनहरा अवसर प्रदान किया है। इसके तहत फरवरी में करदाताओं को टैक्स जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। 31 मार्च के उपरांत कर जमा करने वालों पर 12 प्रतिशत का ब्याज भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रहेगा की संपत्ति करदाता फरवरी माह में अपना कर नगर निगम कोष में जमा करें। नगरायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को यूजर चार्जेस वसूलने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिसके क्रम में सभी जोनल प्रभारियों द्वारा अपने-अपने जोन में आवासीय क्षेत्रों में यूजर चार्जेस के बिल भी दिए जा चुके हैं तथा संपत्ति कर के साथ यूजर चार्जेस को भी जमा करने की अपील की जा रही है। अवकाश के दिनों में भी जोनल कार्यालयों पर जाकर अपना कर जमा कर सकते हैं। साथ ही यूजर चार्जेस का भुगतान जोनल कार्यालय में काउंटर के अलावा आॅनलाइन भी संभव है।