24 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले 2200 जोड़ों को आर्शीवाद देने आएंगे सीएम योगी

गाजियाबाद। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 24 नवंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले जोड़ों को आर्शीवाद देने के लिए गाजियाबाद आ सकते हैं। कमला नेहरूनगर स्थित कमला नेहरू पार्क में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत श्रम विभाग द्वारा यहां पर 2,200 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। मुख्यमंत्री विवाह के बंधन में बंधने वाले इन जोड़ों को आर्शीवाद देने के लिए आ सकते हैं।

श्रम विभाग द्वारा विवाह कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही है। श्रम विभाग के उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन कमला नेहरू पार्क में किया जाएगा। इसमें 2200 जोड़े दांपत्य बंधन में बंधेंगे। समारोह में वर-वधू को आर्शीवाद देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने की प्रबल संभावना है। इसमें गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ जनपद को मिलाकर 2200 जोड़े दांपत्य बंधन में बंधेंगे। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत पंजीकृत निर्माण के श्रमिक ही पात्र होंगे, जिनका पंजीकरण श्रम विभाग में एक वर्ष पुराना हो। इस कार्यक्रम में गाजियाबाद से 250, बुलंदशहर से 250, हापुड़ से 300 श्रमिकों ने अब तक आवेदन किया हंै। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 75 हजार रुपए दिए जाएंगे, इनमें से 10 हजार रुपए पोशाक खरीदने के लिए और 65 हजार रुपए विवाह के बाद बैंक खाते में भेजे जाएंगे।

उप श्रमायुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम में 25 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।2,200 जोड़ों की शादी का कार्यक्रम 24 नवंबर को होना प्रस्तावित है। इसके लिए आवेदन भी लिए जा रहे हैं, आवेदन करने वाले घरों में भी शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं लेकिन नवंबर-दिसंबर में ही निकाय चुनाव भी होने प्रस्तावित हैं। उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि यदि 24 नवंबर से पहले उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता लागू हो गई तो कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन किया जाएगा। इसके लिए मोहद्दीनपुर ढबारसी में वैकल्पिक कार्यक्रम स्थल भी चिन्हित किया गया है।

ताकि कार्यक्रम उसी दिन संपन्न कराया जा सकें। उन्होंने बताया कि प्रयास रहेगा कि निर्वाचन आयोग से अनुमति लेकर कमला नेहरू नगर पार्क में ही कार्यक्रम आयोजित कराया जा सकें। 2,200 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य है। शादी के लिए लड़की की उम्र 18 साल लड़के की उम्र 21 साल होनी आवश्यक है। इसके लिए सभी विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज की जा रही हैं।