किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए चलाया जाएगा अभियान: इन्द्र विक्रम सिंह
दशहरा से पूर्व जनपद की सभी सड़कें कराई जायेंगी गड्ढ़ा मुक्त
गाजियाबाद। दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निराकरण के सम्बन्ध में अवगत कराया गया, नई शिकायतें कृषकों द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रेषित करने के लिए प्राप्त की गई।
सर्वप्रथम उप कृषि निदेशक द्वारा कृषकों के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई, उनके द्वारा अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की किस्तें प्राप्त न होने के तीन प्रमुख कारण हैं जिसमें ई-केवाईसी न होना, एनपीसीआई न होना, लैण्ड सीडिंग न होना है एवं खसरा खतौनी में गलत नाम को सही करने के लिए माह अक्टूबर से प्रत्येक ग्राम पंचायत में कैंप लगाये जाएगें, जिसमें बैंक, पोस्ट ऑफिस, कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित होकर कृषकों की समस्याओं का निस्तारण करेंगे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी द्वारा पशुपालन विभाग में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषकों को प्रदान की।
ग्राम नाहल, महरोली, नेकपुर के कृषकों द्वारा बिजली के तार जर्जर होने की शिकायत करते हुए उन्हें वदलवाने हेतु अनुरोध किया गया एवं टूटी हुई सड़कों की मरम्मत कराने तथा सिचाई विभाग के अधिकारी जिनका कार्यालय मेरठ में उन्हे भी किसान दिवस में प्रतिभाग कराया जाए, ताकि सिचाई विभाग से सम्बन्धित समस्याओं का निस्तारण हो सकें, इसके लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया। जिलाधिकारी द्वारा बिजली विभाग के अधिशासी अभियन्ता को निर्देशित किया कि जो गांव चिन्हित है उनके तारों को जल्द से जल्द ठीक कराया जाए तथा जो सड़के जिस विभाग की है उन सड़कों की मरम्मत/गढड़ा मुक्त उन्ही विभागों द्वारा किया जाएगा तथा शासन की मंशा के अनुरूप दशहरा पर्व से पूर्व सभी सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य रूप से एसीपी कविनगर एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

















